Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धनबाद, 09 फ़रवरी (हि.स.)। उपायुक्त आदित्य रंजन ने सोमवार को बेलगड़िया टाउनशिप के फेज-5 में झारशिल्प का उद्घाटन किया।
यह एसीआईसी आईआईटी (आईएसएम) फाउंडेशन का एक्सटेंशन सेंटर है। यह बेलगड़िया टाउनशिप में महिलाओं के कौशल विकास और उनको आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि इस केंद्र में महिलाओं को बांस और जूट कला में प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह जिला प्रशासन, जेआरडीए और बीसीसीएल के सहयोग से शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य स्थानीय महिलाओं को पारंपरिक हस्तशिल्प के माध्यम से आजीविका के अवसर देना है।
उन्होंने बेलगड़िया में प्रस्तावित आगामी विकासात्मक पहलों की जानकारी दी। महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और इसका अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
एसीआईसी आईआईटी (आईएसएम) फाउंडेशन की सीईओ डॉ आकांक्षा सिन्हा ने केंद्र के उद्देश्य और महिलाओं के लिए इसके दीर्घकालिक लाभों की जानकारी दी।
वहीं आईआईटी आइएसएम के उप निदेशक प्रो धीरज कुमार ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा, उत्पाद विकास तथा विपणन (मार्केटिंग) की संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यह केंद्र महिलाओं को केवल प्रशिक्षण ही नहीं, बल्कि बाजार से जोड़ने का भी कार्य करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा