Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 09 फ़रवरी (हि.स.)। बंगलुरू के जलाहल्ली स्थित संत क्लेरेट पीयू कॉलेज में आयोजित 69 वीं राष्ट्रीय स्कूली बॉक्सिंग (एसजीएफआई) अंडर-19 प्रतियोगिता में झारखंड की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का गौरव बढ़ाया है।
कठिन मुकाबलों के बीच खिलाड़ियों ने अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए दो रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किया। राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए सोरेंग ने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की अगुवाई में राज्य की टीम ने प्रतियोगिता में भाग लिया है।
परियाजना की ओर से बताया गया कि चार से नौ फरवरी तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड की बेटियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। इिसमें 45 किलोग्राम भार वर्ग में जेसिका खेस ने फाइनल में महाराष्ट्र से पराजित होकर रजत पदक प्राप्त किया। वहीं 54 किलोग्राम भार वर्ग में अमीषा केरकेट्टा ने फाइनल में दिल्ली से मुकाबला करते हुए रजत पदक जीता और 57 किलोग्राम भार वर्ग में नीता रोज तिग्गा ने सेमीफाइनल में हरियाणा से पराजित होकर कांस्य पदक हासिल किया।
झारखंड बॉक्सिंग टीम कोच अनुपम तिवारी, परवीन यादव, बीबी मोहती और टीम मैनेजर अनु कुमारी के कुशल मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में भाग लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar