Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुरादाबाद, 09 फरवरी (हि.स.)। मुरादाबाद जनपद की कुंदरकी विधानसभा से विधायक ठाकुर रामवीर सिंह द्वारा समन्वय समिति की बैठक में जनपद के उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी (डिप्टी सीएमओ) डॉ. संजीव बेलवाल पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाने के मामले में स्वास्थ्य निदेशालय के निर्देश पर आरोपी डिप्टी सीएमओ की संपत्ति की जांच की जाएगी। जिसकी जांच का जिम्मा अपर निदेशक स्वास्थ्य (एडी हेल्थ) डॉ. आशु अग्रवाल को सौंपा गया है। सोमवार को एडी हेल्थ ने इस मामले में जांच कमेटी गठित कर दी है। विभाग के वरिष्ठ डॉक्टरों को कमेटी में सदस्य बनाया गया है। कमेटी को 28 दिन में जांच पूरी कर इसकी रिपोर्ट देनी होगी।
दूसरी ओर पिछले कई दिनों से डिप्टी सीएमओ के खिलाफ मोर्चा खोलने वाला ओटी अटेंडेंट लक्ष्मण सिंह फिर चर्चा में आ गया है। लक्ष्मण ने भी मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से मिलकर डिप्टी सीएमओ की संपत्ति की जांच की मांग की थी। उसका दावा है कि मुरादाबाद में 500 से ज्यादा झोलाछापों की सूची उसके पास है। आरोप है कि इन सभी से विभागीय अधिकारी वसूली करते हैं और संरक्षण देते हैं।
एडी हेल्थ डॉ. आशु अग्रवाल ने सोमवार को बताया कि पूरे प्रकरण में जांच के बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल