Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हुगली, 09 फ़रवरी (हि. स.)। चंदननगर के ऐतिहासिक प्रकाश उद्योग को नई गति देने और स्थानीय युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पश्चिम बंगाल सरकार ने नई पहल की है। तकनीकी शिक्षा, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग की ओर से चंदननगर स्थित आलो हब भवन में आधुनिक एवं उन्नत कौशल प्रशिक्षण केंद्रों का सोमवार को उद्घाटन किया गया।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक जून 2017 को आलो हब परियोजना की परिकल्पना की थी और आठ फरवरी 2021 को इस भवन का उद्घाटन किया गया था।
इस परियोजना का उद्देश्य चंदननगर के डेकोरेटिव लाइट एवं प्रकाश उद्योग को बढ़ावा देना है। भवन निर्माण के लिए विभाग ने 14.64 करोड़ रुपये स्वीकृत किए थे। लगभग 4800 वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाले इस भवन के शीर्ष तल में उन्नत कौशल प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित हो रहे हैं।
भवन के भूतल और प्रथम तल पर 30 वर्ग मीटर की 60 दुकानें हैं, जिनका उपयोग स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा है। यहां पहले से “असिस्टेंट इलेक्ट्रीशियन डिस्ट्रीब्यूशन” का अल्पकालिक प्रशिक्षण चल रहा है।
सोमवार से “हाउस वायरिंग टेक्नीशियन” का सात दिवसीय प्रशिक्षण भी शुरू किया गया है, जो बिना औपचारिक प्रमाणपत्र वाले घरेलू इलेक्ट्रिशियनों के लिए है। प्रशिक्षण का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। प्रमाणन के बाद प्रशिक्षुओं को इलेक्ट्रिकल वर्कमैन परमिट मिलेगा, जिससे रोजगार और आय के अवसर बढ़ेंगे। इस योजना के तहत राज्यभर से 6654 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
इसके अलावा, जैक्वार फाउंडेशन के सहयोग से डेकोरेटिव लाइटिंग के लिए अत्याधुनिक लाइटिंग लैब स्थापित की गई है, जहां प्रतिवर्ष लगभग 500 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं, टाटा स्ट्राइव और ताज सैट्स के सहयोग से हॉस्पिटैलिटी प्रशिक्षण केंद्र भी शुरू किया गया है, जिसमें 200 प्रशिक्षुओं को निःशुल्क प्रशिक्षण और रोजगार सहायता दी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय