Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


अनूपपुर, 09 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की भालूमाड़ा थाना पुलिस ने ग्राम बदरा में हुई एक चोरी की गुत्थी सुलझाते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 1 किलो 700 ग्राम चांदी, 2 तोले सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई कार जब्त की है। सभी आरोपितों को सोमवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी भालूमाडा उप निरीक्षक विपुल शुक्ला ने बताया कि 19-20 जनवरी की रात को पेट्रोल पंप मालिक संग्राम सिंह के घर चोरी हुई थी, जब वह परिवार के साथ इलाज कराने नागपुर गए थे। चोरों ने ताला तोड़कर अलमारी से जेवरात और नगदी पार कर दी थी। टीम ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो एक सफेद कार संदिग्ध नजर आई।
थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के दौरान बिजुरी टोल नाके पर कार दिखी गाड़ी जिसके जरिए पुलिस सरगुजा के कुर्बान रजा खान तक पहुंची। पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने चोरी के जेवरात अंबिकापुर के एक ज्वेलर नीरज सोनी को 9 लाख रुपए में बेच दिए थे। सुनार ने पकड़े जाने के डर से गहनों को गलाकर नए जेवर बनाना भी शुरू कर दिया था।
चार गिरफ्तार, तीन अब भी फरार
पुलिस ने वाहन मालिक कुर्बान रजा खान, ज्वेलर नीरज सोनी और दो अन्य आरोपियों अनीश उर्फ गोल्डन और नंदलाल गिरी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि गिरोह के तीन मुख्य सदस्य जब्बीर खान, आरिफ खान और मानवेन्द्र लकड़ा अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला