Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नाहन, 08 फ़रवरी (हि.स.)। भगानी से 11 फरवरी को निकलने वाले फतेह मार्च को लेकर क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह और धार्मिक माहौल बना हुआ है। इस अवसर पर ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री पांवटा साहिब को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। संगत और प्रबंधक कमेटी द्वारा तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं।
बता दें कि साहिबजादा बाबा अजीत सिंह के जन्मदिवस को समर्पित महान कीर्तन दरबार की जानकारी दी गई है। बैनर में देशभर से पहुंचने वाले प्रसिद्ध कीर्तनिये व प्रचारकों की तस्वीरें भी लगाई गई हैं, जो इस आयोजन की भव्यता को दर्शाती हैं। जानकारी के अनुसार 10 फरवरी की सुबह अखंड पाठ साहिब से धार्मिक कार्यक्रमों की विधिवत शुरुआत होगी। इसके बाद 11 फरवरी को सुबह 7:00 बजे भगानी से फतेह मार्च आरंभ होगा, जो दिनभर चलते हुए देर शाम ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री पांवटा साहिब पहुंचेगा।वहीं 12 फरवरी को पूरे दिन कीर्तन दरबार सजेगा, जिसमें विभिन्न राज्यों से रागी जत्थे और कीर्तन गायक पहुंचकर गुरु महिमा का गुणगान करेंगे।
गुरुद्वारा पोंटा के प्रबंधक गुरमीत सिंह ने बताया कि फतेह मार्च और कीर्तन दरबार को लेकर संगत में खासा उत्साह देखा जा रहा है, वहीं प्रशासन और गुरुद्वारा प्रबंधन द्वारा भी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पांवटा साहिब एक बार फिर धार्मिक श्रद्धा और ऐतिहासिक विरासत का केंद्र बनने जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर