Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

ग्वालपाड़ा (असम), 08 फरवरी (हि.स.)। असम के ग्वालपाड़ा जिले के बालादमारी शाह बागान मस्जिद में आयोजित एक इस्लामिक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की मृत्यु की कामना किए जाने का आरोप सामने आया है। मानवाधिकार संगठन लीगल राइट्स ऑब्ज़र्वेटरी ने इस घटना को उजागर करने का दावा किया है।
संगठन के अनुसार, मस्जिद में आयोजित जलाली खतम नामक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान एक मियां इमाम (बांग्लादेशी मूल) द्वारा मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक दुआएं की गईं। इस कथित कृत्य को धार्मिक मंच का दुरुपयोग बताते हुए संगठन ने गंभीर चिंता जताई है।
लीगल राइट्स ऑब्ज़र्वेटरी ने बताया कि यह जलाली खतम कार्यक्रम 30 जनवरी और 7 फरवरी को आयोजित किया गया था। संगठन का कहना है कि प्रारंभिक सूचनाएं मिलने के बाद इस मामले को सार्वजनिक किया गया है।
मानवाधिकार संस्था ने प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है और इसे सामाजिक सौहार्द तथा संवैधानिक मूल्यों के लिए खतरा बताया है। हालांकि, इस आरोप को लेकर अब तक जिला प्रशासन या मस्जिद प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश