Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 08 फरवरी (हि.स.)। दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में रविवार सुबह विश्व कैंसर दिवस के उपलक्ष्य में कैंसपोर्ट की ओर से आयोजित 19वीं ‘वॉक फॉर लाइफ स्ट्राइड अगेंस्ट कैंसर’ का आयोजन किया गया।
इस वर्ष 6,000 से अधिक प्रतिभागियों ने इसमें हिस्सा लिया। इसमें कैंसर सर्वाइवर्स, उनके देखभालकर्ता, डॉक्टर, छात्र और कॉरपोरेट जगत के दिग्गज शामिल रहे। इस वार्षिक वॉकथॉन में हजारों लोगों ने एक साथ कदम बढ़ाकर कैंसर के प्रति जागरूकता और सर्वाइवर्स के प्रति एकजुटता का संदेश दिया। म्यूज़िक फैक्ट्री, आई कैन डू इट थिएटर ग्रुप और साईं एरोबिक्स की प्रस्तुतियां दी गयीं।
कैंसपोर्ट के संस्थापक एवम अध्यक्ष हरमाला गुप्ता ने कहा, आपकी उपस्थिति यह दर्शाती है कि आप कैंसर के विरुद्ध खड़े होने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारे बीच मौजूद कैंसर सर्वाइवर्स इस बात के जीवंत प्रमाण हैं कि समय रहते पहचान हो तो इस बीमारी को मात दी जा सकती है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2008 में शुरू हुई यह पहल आज दिल्ली की सबसे बड़ी कैंसर जागरूकता पदयात्रा बन चुकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी