Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 06 फ़रवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार को राजधानी जयपुर की करीब डेढ़ दर्जन बस्तियों में विराट हिन्दू सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। सम्मेलन से पूर्व शनिवार को विभिन्न क्षेत्रों में कलश यात्रा, भगवा वाहन रैली, प्रभातफेरी और जनसंपर्क यात्राएं निकाली जाएंगी।
मानसरोवर स्थित प्रताप बस्ती में 8 फरवरी को भारत माता पार्क में हिन्दू सम्मेलन होगा। इससे पूर्व शनिवार को गायत्री मंदिर से मातृशक्ति की कलश यात्रा निकाली जाएगी। सम्मेलन में सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामूहिक पाठ तथा हनुमान चालीसा और गायत्री मंत्र के वरिष्ठ साधक गिरधर गोपाल आसोपा का संगीतमय उद्बोधन होगा।
ढेहर का बालाजी की परशुराम बस्ती में 8 फरवरी को परसराम नगर स्कीम-3 में सम्मेलन आयोजित होगा। शुक्रवार को प्रभातफेरी निकाली गई, जबकि शनिवार को भगवा रैली होगी। रविवार को कलश यात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बौद्धिक सत्र और संगीतमय हनुमान चालीसा पाठ होंगे।
बजरंग द्वार बस्ती में 8 फरवरी को जीनियस स्कूल के पास विराट हिन्दू सम्मेलन होगा। इससे पूर्व 7 फरवरी को भगवा वाहन रैली निकाली जाएगी। सम्मेलन में यज्ञ, हनुमान चालीसा पाठ, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतिभा सम्मान और भोजन प्रसादी का आयोजन होगा। जुगल हनुमान पीठाधीश्वर विष्णुदास नागा महाराज सहित संतों का सान्निध्य रहेगा।
मानसरोवर बस्ती, गणेश कॉलोनी, बोहरा का बास, न्यू कॉलोनी, नृसिंह नगर व हरिदास नगर के संयुक्त तत्वावधान में झोटवाड़ा स्थित रुकमा मैरिज गार्डन में सम्मेलन होगा। राधा गोविंद मंदिर से कलश यात्रा निकाली जाएगी। वहीं प्रताप नगर सेक्टर-26 स्थित कैर के बालाजी मंदिर क्षेत्र में गलता पीठाधीश्वर अवधेशाचार्य महाराज के सान्निध्य में सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
बैनाड़ रोड स्थित निर्मल विहार बस्ती और ब्रह्मपुरी के पौण्ड्रिक पार्क में भी विराट हिन्दू सम्मेलन होंगे। ब्रह्मपुरी में 501 महिलाओं की भव्य कलश यात्रा आकर्षण का केंद्र रहेगी। सभी सम्मेलनों में सनातन संस्कृति, हिन्दू एकता, सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बौद्धिक सत्र, हनुमान चालीसा पाठ, प्रतिभा सम्मान एवं भोजन प्रसादी के आयोजन होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश