प्रधानमंत्री मोदी ने आयुष्मान योजना लागू कर जरूरतमंदों को बड़ी सहायता प्रदान की: प्रहलाद सिंह पटेल
- मंत्री पटेल ने ग्राम खमरिया व कमोद में नवनिर्मित उप स्वास्थ्य केन्द्र का किया लोकार्पण नरसिहंपुर, 06 फरवरी (हि.स.)। प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि यदि नागरिक अपनी जीवनशैली पर विचार करें, तो उन्हें
ग्राम खमरिया व कमोद में नवनिर्मित उप स्वास्थ्य केन्द्र का लोकार्पण


- मंत्री पटेल ने ग्राम खमरिया व कमोद में नवनिर्मित उप स्वास्थ्य केन्द्र का किया लोकार्पण

नरसिहंपुर, 06 फरवरी (हि.स.)। प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि यदि नागरिक अपनी जीवनशैली पर विचार करें, तो उन्हें यह समझ में आएगा कि वे कितने स्वस्थ हैं। अपने स्वास्थ्य को ठीक रखना प्रत्येक व्यक्ति की निजी जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आयुष्मान योजना लागू कर जरूरतमंदों को बड़ी सहायता प्रदान की गई है।

मंत्री पटेल शुक्रवार को नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव विकासखंड के ग्राम खमरिया व कमोद में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने नवनिर्मित आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केन्द्र खमरिया व कमोद का लोकार्पण किया। इस अवसर पर विधायक गोटेगांव महेन्द्र नागेश, पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटेल, पूर्व विधायक हाकम सिंह चढ़ार, रामसनेही पाठक, महंत प्रीतमपुरी गोस्वामी, अन्य जनप्रतिनिधि, मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष मिश्रा, स्वास्थ्य विभाग का अमला और गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

मंत्री पटेल ने ग्राम खमरिया- झांसीघाट व कमोद में उप स्वास्थ्य केंद्र के लोकार्पण अवसर पर नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मुख्यमंत्री सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), पंचायत एवं सामुदायिक भवन जैसे अनेक विकास कार्यों में तेजी आई है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को अपनी स्वास्थ्य स्थिति एवं जीवनशैली पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि स्वस्थ और मजबूत नागरिक ही समाज व राष्ट्र के विकास में योगदान दे सकता है। उन्होंने कहा कि विकास के क्षेत्र में सरकार निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में 500 की आबादी वाले सभी गांवों को पक्की सड़कों से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने यह निर्णय लिया है कि 6 हजार वर्गमीटर के भीतर रहने वाली बसाहट या 20 मकानों अथवा 100 की आबादी को बसाहट मानते हुए मुख्यमंत्री मजरा-टोला योजना के अंतर्गत वहां तक सड़क निर्माण कराया जाएगा।

मंत्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रदेश में बनने वाले नए पुल-पुलियों की ऊँचाई बढ़ाकर उच्चतम स्तर से कम से कम 3 फीट अधिक रखी जाएगी, ताकि भारी वर्षा के दौरान भी पुल-पुलिया डूबें नहीं और आवागमन बाधित न हो। उन्होंने कहा कि नागरिकों को आने वाली पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए परिश्रम करना चाहिए। हमारी शांति, हमारी सुरक्षा और सामर्थ्य से जुड़ी है। जब हम सक्षम और स्वस्थ होंगे, तभी स्वयं भी शांति से रह सकेंगे और दूसरों की सहायता कर पाएंगे। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि ग्राम पंचायतों में शमशान घाट तक पक्की सड़क एवं फेंसिंग की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी तथा शमशान भूमि को अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा।

मंत्री पटेल ने कहा कि सभी गांवों, गरीबों और किसानों के चहुंमुखी विकास एवं जरूरतमंदों को ग्राम स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अर्थात व्ही.बी.जी-राम-जी अधिनियम 2025 लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में महिला एवं पुरुषों के लिए माह में अथवा प्रत्येक तीन माह में एक बार स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएं। उन्होंने बताया कि इस उप स्वास्थ्य केंद्र में 126 प्रकार की आवश्यक दवाइयां उपलब्ध हैं। नागरिकों से अपील की कि वे इस स्वास्थ्य केंद्र का अधिक से अधिक सदुपयोग करें और आवश्यकता होने पर ही गोटेगांव जाकर उपचार कराएं।

मंत्री पटेल ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम में मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने पीजी कॉलेज नरसिंहपुर की महिला फुटबॉल टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने नरसिंहपुर जिले के इतिहास के पहले तीन मध्य प्रदेश स्टेट रेफरी करुणा मिश्रा, वंदना यादव एवं दीपचंद कहार, जिले के क्रिकेट के क्षेत्र में पहले सर्टिफाइड महिला कोच प्रगति तिवारी एवं काजल वर्मा, खेलो इंडिया फर्स्ट ट्राइबल गेम्स में चयनित नरसिंहपुर के दो महिला खिलाड़ी रवीना ठाकुर एवं नंदिनी ठाकुर को सम्मानित किया। विदित है कि दोनों महिला फुटबॉल खिलाड़ी रवीना ठाकुर एवं नंदिनी ठाकुर छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर फुटबॉल प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।

ग्राम पंचायत गोहचर में भगवान परशुराम भवन का भूमिपूजन

मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने जनपद पंचायत गोटेगांव की ग्राम पंचायत गोहचर में 47 लाख रुपये की लागत से बनने वाले भगवान परशुराम भवन का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान परशुराम की जन्मस्थली के महत्व के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जो हमारी कमजोरी प्रतीत होती है, वही वास्तव में हमारी सबसे बड़ी ताकत बन सकती है। यदि हम आने वाली पीढ़ी को अच्छे संस्कार प्रदान करेंगे, तो हम पर कोई भी उंगली उठाने का साहस नहीं कर सकेगा। उन्होंने कहा कि हमारे भीतर जो सामर्थ्य विद्यमान है, उसे पहचानकर और अधिक सशक्त बनाना अत्यंत आवश्यक है।

मंत्री पटेल ने कहा कि हमारे बच्चे संस्कारवान हों, यही सशक्त और समृद्ध समाज की आधारशिला है। भारत संपूर्ण विश्व को शांति का मार्ग दिखा सकता है और यह मार्ग हमारी वैदिक संस्कृति से निकलता है। उन्होंने कहा कि हमें अपने बच्चों में नैतिकता, संस्कार और सामर्थ्य का निर्माण करना होगा, जिससे वे देश और समाज के लिए सकारात्मक भूमिका निभा सकें। इस अवसर पर गोटेगांव विधायक महेन्द्र नागेश ने विधायक निधि से ट्यूबवेल कराने के लिए विधायक निधि से राशि देने की घोषणा की।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर