Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 04 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली सरकार ने वृद्धावस्था पेंशन से वंचित रह गए वरिष्ठ नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए लंबित पेंशन की राशि जारी कर दी है। जिन लाभार्थियों को पिछले कुछ समय से तकनीकी एवं प्रशासनिक कारणों के चलते पेंशन भुगतान में समस्या आ रही थी, उनके खातों में लंबित पेंशन की राशि जमा कर दी गई है। समाज कल्याण विभाग को वित्त विभाग से आवश्यक स्वीकृति मिलने के बाद पेंशन भुगतान की प्रक्रिया पूर्ण की गई।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली में 4 लाख 35 हजार से अधिक वृद्धावस्था पेंशन लाभार्थी हैं, जिनमें से अधिकांश को नियमित रूप से पेंशन का भुगतान किया जा रहा था। तकनीकी कारणों से जिन कुछ लाभार्थियों की पेंशन अस्थायी रूप से प्रभावित हुई थी, उनकी पूरी बकाया राशि अब जारी कर दी गई है।
इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने बुधवार को एक विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की सामाजिक सुरक्षा दिल्ली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी पात्र लाभार्थी को उसका अधिकार समय पर मिले, यह सुनिश्चित करना सरकार का दायित्व है। उन्होंने पेंशन भुगतान प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, सुचारू एवं जवाबदेह बनाने के निर्देश भी विभाग को दिए हैं।
दिल्ली सरकार वरिष्ठ नागरिकों के सम्मानजनक जीवन को सुनिश्चित करने के लिए वृद्धावस्था पेंशन योजना के साथ-साथ सहायक उपकरणों के वितरण, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार तथा नए ओल्ड एज होम की स्थापना की दिशा में भी निरंतर कार्य कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव