‘यदि कांग्रेस समाज के साथ अन्याय करेगी तो पार्टी छोड़ दूंगा’ : अनंत पटेल
नवसारी, 15 फरवरी (हि.स.)। नवसारी जिले के वांसदा में आयोजित एक आदिवासी सांस्कृतिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनंत पटेल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि कांग्रेस पार्टी आदिवासी समाज के साथ अन्याय करती है तो उन्हें पार्टी छोड़ने में देर नहीं
विधायक अनंत पटेल


नवसारी, 15 फरवरी (हि.स.)। नवसारी जिले के वांसदा में आयोजित एक आदिवासी सांस्कृतिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनंत पटेल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि कांग्रेस पार्टी आदिवासी समाज के साथ अन्याय करती है तो उन्हें पार्टी छोड़ने में देर नहीं लगेगी। उन्होंने कहा, “मैं हमेशा अन्याय के खिलाफ लड़ता आया हूं और न्याय के लिए जीवनभर आदिवासी समाज के साथ खड़ा रहूंगा।”

कांग्रेस के विधायक अनंत पटेल ने आगे कहा, “मेरा जन्म आदिवासी समाज में हुआ है और मैं आदिवासी के रूप में ही जीवन समाप्त करूंगा। हमें किसी प्रकार का लोभ, लालच या सत्ता की भूख नहीं है। हमारा एकमात्र उद्देश्य समाज का कल्याण और सेवा करना है।”

इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं कि विधायक अनंत पटेल कभी भी कांग्रेस से अलग हो सकते हैं। पिछले कुछ समय से यह भी चर्चा रही है कि वे आम आदमी पार्टी के संपर्क में हैं। ऐसे में कांग्रेस छोड़ने संबंधी उनके बयान के बाद आने वाले समय में गुजरात की राजनीति में बड़ी हलचल की संभावना जताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे