Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बरेली, 15 फरवरी (हि.स.) । मोबाइल गुम होने पर निराश हो जाने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। बरेली पुलिस ने जनवरी 2026 में खोए मोबाइल बरामद कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। एसएसपी अनुराग आर्य की सख्त मॉनिटरिंग और सक्रिय रणनीति के चलते पुलिस ने 130 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को वापस सौंपे।
जनवरी माह में कुल 219 मोबाइल ट्रेसिंग के लिए दर्ज किए गए थे। इनमें से 130 हैंडसेट बरामद किए गए, जिससे रिकवरी प्रतिशत 59.36 रहा। वहीं बरामद मोबाइल की संख्या के आधार पर वॉल्यूम स्कोर 100 प्रतिशत दर्ज हुआ। सत्तर-तीस के फार्मूले से तैयार अंतिम स्कोर 71.55 रहा, जिसने बरेली को पूरे उत्तर प्रदेश में शीर्ष स्थान दिलाया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अब मोबाइल गुमशुदगी को हल्के में नहीं लिया जा रहा। शिकायत दर्ज होते ही टीमें सक्रिय हो जाती हैं। आईएमईआई नंबर के जरिए ट्रेसिंग, नेटवर्क कंपनियों से समन्वय और साइबर सेल की डिजिटल ट्रैकिंग से लोकेशन खंगाली जाती है। कई मोबाइल अन्य जनपदों से भी बरामद किए गए।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि मोबाइल बरामदगी को प्राथमिकता में रखा गया है। हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि “मोबाइल गुम होने पर तुरंत सूचना दें और आईएमईआई नंबर सुरक्षित रखें। पुलिस तकनीकी संसाधनों के जरिए मोबाइल ट्रेस कर वापस दिलाने के लिए लगातार अभियान चला रही है।”
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखी। पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार