Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोकराझार (असम), 10 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की असम प्रदेश समिति की उपाध्यक्ष, प्रवक्ता तथा बीटीसी की एमसीएलए रेखारानी दास बोडो ने केंद्रीय बजट को जनहितैषी, विकासोन्मुख और समावेशी बताते हुए कहा कि यह बजट देश के हर वर्ग के समग्र विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कोकराझार स्थित भाजपा जिला कार्यालय में केंद्रीय बजट को लेकर एक आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उपरोक्त बातें कहीं।
इस अवसर पर भाजपा कोकराझार जिला समिति के अध्यक्ष गोसाई बसुमतारी, कोकराझार जिला बजट समिति के संयोजक रिकेश अग्रवाल, पूर्व विधायक एवं राज्य योजना तथा जनजातीय विकास परिषद के उपाध्यक्ष बोनेंद्र मुसाहारी, भाजपा के राज्य कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व एमसीएलए राजीव ब्रह्म तथा भाजपा कोकराझार जिला समिति की पूर्व अध्यक्ष बिनीता बाला बसुमतारी भी उपस्थित थीं।
संवाददाता सम्मेलन में रेखारानी ने कहा कि केंद्रीय बजट में गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया गया है। साथ ही असम और बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) क्षेत्र के विकास के लिए किए गए प्रावधानों से क्षेत्र में बुनियादी ढांचे, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है और यह बजट उसी संकल्प का प्रतिबिंब है। संवाददाता सम्मेलन के अंत में उपस्थित नेताओं ने केंद्रीय बजट का स्वागत करते हुए इसे देश और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक मजबूत आधार बताया।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा