Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मंडी, 10 फ़रवरी (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर ऐतिहासिक संकन गार्डन के खुले मंच पर शास्त्रीय संगीत, नृत्य एवं वादन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। रंगीन रोशनियों के बीच घुंघरुओं की झंकार और शास्त्रीय संगीत की स्वर लहरियों ने वातावरण को सुरमय बना दिया। स्थानीय एवं उभरते कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में स्वर कोकिला के नाम से विख्यात शुक्ला शर्मा, सरोद वादक एवं संगीतज्ञ दीपक गौतम, हिमाचल के प्रथम पुरुष कथक स्नातक दिनेश गुप्ता, वल्लभ राजकीय महाविद्यालय की सहायक प्राध्यापक (संगीत) अनुपमा सहित विशेष सिंह, ईशा कुमारी, जितेन्द्र, उमा, नरेश, संतोष गुप्ता, अमरजीत, संजय पुजारी और अनिल कुमार सोनी ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। इसके अतिरिक्त संगीत सदन, नृत्य तपस और डांस अकादमी के कलाकारों ने भी मंच पर अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संध्या को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम की कड़ी में 11 फरवरी को सायं 6 बजे से भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर डॉ मनु गुप्ता (आईएएस प्रोबेशनर), उप निदेशक सूचना एवं जन सम्पर्क मंजुला कुमारी, जिला भाषा अधिकारी रेवती सैनी, साहित्यकार दिनेश धर्मपाल, जगदीश कपूर, रूप उपाध्याय, उमेश गौतम, रुपेश्वरी शर्मा, चंपा शर्मा, मुरारी शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा