Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 10 फ़रवरी (हि.स.)।राज्यसभा सांसद और भाजपा के प्रदेश महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार ने मंगलवार को संसद में हिमाचल प्रदेश के रंगस–लठियानी मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की मांग उठाई। उन्होंने सदन के माध्यम से केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री से आग्रह किया कि इस महत्वपूर्ण सड़क को जल्द राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा दिया जाए और इसके लिए आवश्यक बजट भी जारी किया जाए।
डॉ. सिकंदर कुमार ने बताया कि हमीरपुर और ऊना जिलों को जोड़ने वाला रंगस–लठियानी मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। यह मार्ग कांगू, धनेटा और बंगाणा होते हुए गुजरता है तथा धनेटा से बंगाणा तक सुरंग निर्माण का प्रस्ताव पहले से मौजूद है। लगभग 39 किलोमीटर लंबा यह सड़क हिस्सा क्षेत्र की “जीवन रेखा” के रूप में काम करता है और लोगों की आवाजाही तथा स्थानीय व्यापार के लिए अत्यंत जरूरी है।
उन्होंने कहा कि यह मार्ग एनएच-503ए और एनएच-88 को जोड़ने वाली एक अहम कड़ी है। यदि इसे राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा मिलता है तो सड़क की स्थिति बेहतर होगी, यातायात सुगम होगा और क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलेगी। साथ ही, दयोटसिद्ध स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर सहित आसपास के धार्मिक स्थलों तक श्रद्धालुओं की पहुंच भी आसान हो जाएगी, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
डॉ. सिकंदर कुमार ने यह भी कहा कि इस मार्ग से जुड़े विभिन्न सर्वेक्षण और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) के लिए केंद्र सरकार पहले ही अनुमति दे चुकी है। उनके अनुसार यह सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने के निर्धारित मापदंडों, जैसे पिछड़े क्षेत्रों के विकास और दो महत्वपूर्ण क्षेत्रों को जोड़ने, पर पूरी तरह खरी उतरती है।
उन्होंने केंद्र सरकार से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से इस मांग को उठा रही है, इसलिए रंगस–लठियानी मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की प्रक्रिया तेज की जाए और इसी वित्त वर्ष में इसके लिए बजट उपलब्ध कराया जाए, ताकि वर्षों से सड़क के उन्नयन का इंतजार कर रहे लोगों को जल्द राहत मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा