Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 10 फरवरी (हि.स.)।
पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर बड़ा निशाना साधा है।
मरांडी ने मंगलवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि झारखंड का शराब घोटाला अब केवल भ्रष्टाचार का मामला नहीं रहा, बल्कि इसे सरकारी संरक्षण में रफा-दफा करने का गंदा खेल बन चुका है।
उन्होंने कहा कि महालेखाकार (एजी) की ऑडिट टीम जब घोटाले का हिसाब और फाइलें मांगती है, तो विभाग सीनाजोरी पर उतर आते हैं। आबकारी विभाग अकेला नहीं है, बल्कि ऐसे कई विभाग हैं जो ऑडिट के लिए फाइलें देने से साफ इनकार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विभागों का यह तर्क कि फाइलें एसीबी ले गई है। यह अब पूरी तरह साफ है कि एसीबी की यह कथित 'कार्रवाई' दोषियों को पकड़ने के लिए नहीं, बल्कि पैसे का लेखा-जोखा छिपाने और भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जांच के नाम पर फाइलों को 'बंधक' बना लेना, एक सोची-समझी साजिश है, ताकि न ऑडिट पूरा हो और न ही सच बाहर आए। सरकारी तंत्र खुद ही 'जांच' को 'बचाव की ढाल' बनाकर जनता की आंखों में धूल झोंक रहा है। उन्होंने कहा कि यह झारखंड की जनता के साथ सबसे बड़ा विश्वासघात है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे