Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


अमेठी, 10 फ़रवरी (हि.स.)। मंगलवार को एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने अमेठी पहुंची महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने एआईएमआईएम नेता शौकत अली के विवादित बयान पर जबरदस्त पलटवार करते हुए तीखा हमला बोला है। उपाध्यक्ष ने शौकत अली के बयान को अभद्र, आपत्तिजनक और महिलाओं के सम्मान के खिलाफ बताते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि महिलाएं बच्चा पैदा करने की मशीन नहीं हैं और इस तरह की टिप्पणियां समाज को गलत दिशा में ले जाती हैं।
दौरे के दौरान महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने जनपद के आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित महिला एवं बाल कल्याण योजनाएं सुचारू रूप से संचालित की जा रही हैं और महिला आयोग उनकी निरंतर निगरानी कर रहा है।
उन्होंने अमेठी स्थित वन स्टॉप सेंटर का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं की सराहना की। इस दौरान एक पीड़ित बच्ची से मुलाकात का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि संबंधित मामले में महिला आयोग की ओर से कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।
एआईएमआईएम नेता शौकत अली के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और सार्वजनिक जीवन में रहने वाले लोगों को अपनी भाषा और जिम्मेदारी का विशेष ध्यान रखना चाहिए। इस तरह की अभद्र टिप्पणियां महिलाओं के सम्मान और गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं। उन्होंने शौकत अली से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि महिलाओं के खिलाफ इस प्रकार की भाषा पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह की टिप्पणी करने का साहस न करे।
महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने समाज से भी अपील की कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की नैतिक जिम्मेदारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी