कट्टा दिखाते वक्त चली गोली, बेटे की लापरवाही से मां की मौत
नई दिल्ली, 10 फ़रवरी (हि.स.)। दक्षिणी दिल्ली के जंगपुरा इलाके में स्थित पंत नगर की वाल्मीकि मंदिर जेजे बस्ती में साेमवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। 18 वर्षीय युवक द्वारा अवैध पिस्टल दिखाने के दौरान अचानक गोली चल गई। जिससे उसकी मां की मौके पर ही म
कट्टा दिखाते वक्त चली गोली, बेटे की लापरवाही से मां की मौत


नई दिल्ली, 10 फ़रवरी (हि.स.)। दक्षिणी दिल्ली के जंगपुरा इलाके में स्थित पंत नगर की वाल्मीकि मंदिर जेजे बस्ती में साेमवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। 18 वर्षीय युवक द्वारा अवैध पिस्टल दिखाने के दौरान अचानक गोली चल गई। जिससे उसकी मां की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक रात करीब 10:39 बजे थाना लाजपत नगर को मूलचंद अस्पताल से पीसीआर कॉल मिली थी। कॉल में बताया गया कि गोली लगने से घायल एक महिला को अस्पताल लाया गया है, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान 37 वर्षीय सुमति के रूप में हुई, जो पंत नगर, जंगपुरा की रहने वाली थीं।

पुलिस अधिकारी के अनुसार जांच में सामने आया कि सुमति आसपास के घरों में घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थीं और अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं। उनके पति छोटू दिहाड़ी मजदूरी कर माली का काम करते हैं। दंपती के तीन बच्चे हैं, जिनमें एक 11 वर्षीय बेटी भी शामिल है।

पुलिस जांच में पता चला कि घटना के समय सुमति का बेटा तरुण (18) घर पर मौजूद था। उसने हाल ही में आश्रम इलाके से एक अवैध देशी पिस्टल खरीदी थी। वह उसी कट्टे को अपनी मां को दिखा रहा था, तभी अचानक ट्रिगर दब गया और गोली सीधे सुमति के चेहरे में जा लगी। घटना के बाद तरुण घबरा गया और हथियार को पास के नाले में फेंककर फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे जल्द ही पकड़ लिया। आरोपित की निशानदेही पर नाले से पिस्टल बरामद कर ली गई है। मौके पर क्राइम टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। थाना हजरत निजामुद्दीन में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपित को अवैध हथियार उपलब्ध कराने वाले सप्लायर की तलाश में भी जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी