Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 02 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग (डीओएसईएल) ने स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत नई दिल्ली स्थित एक पीएम श्री स्कूल में स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया। विभाग के सचिव टी. के. अनिल कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में छात्रों, शिक्षकों, वरिष्ठ अधिकारियों और केंद्रीय विद्यालय संगठन के अधिकारियों ने भाग लिया।
यह स्वच्छता अभियान इको क्लब्स फॉर मिशन के तहत आयोजित किया गया। श्रमदान के दौरान स्कूल परिसर के साथ-साथ उससे लगे सामुदायिक क्षेत्र और स्कूल के सामने स्थित पार्क की भी सफाई की गई। इसके जरिए स्कूल और आसपास के समुदाय को स्वच्छता के सामूहिक प्रयास से जोड़ा गया।
स्वच्छता श्रमदान के बाद ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें छात्रों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के जरिए पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
इसके अलावा छात्रों के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों पर क्विज का आयोजन किया गया। क्विज के माध्यम से छात्रों को कचरे के स्रोत पर पृथक्करण, उचित निपटान और जिम्मेदार कचरा प्रबंधन की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में इस बात पर जोर दिया गया कि स्कूल केवल शिक्षा देने के संस्थान नहीं, बल्कि बच्चों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार की आदत विकसित करने के महत्वपूर्ण केंद्र भी हैं। छात्रों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर डीओएसईएल के अतिरिक्त सचिव धीरज साहू और अर्चना शर्मा अवस्थी, संयुक्त सचिव प्राची पांडे और डॉ. अमरप्रीत दुग्गल, उप महानिदेशक (सांख्यिकी) डॉ. पंकज के. पी. श्रेयस्कार, मुख्य लेखा नियंत्रक दीपिका जैन तथा केंद्रीय विद्यालय संगठन के आयुक्त विकास गुप्ता सहित विभाग और के अन्य अधिकारियों ने भी श्रमदान में भाग लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा विभाग ने स्वच्छता को रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा बनाने और स्वच्छ एवं विकसित भारत के लक्ष्य में स्कूलों और छात्रों की भागीदारी को मजबूत करने का संदेश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय