Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

-एसी थर्ड में कन्फर्म टिकट दिलाने का झांसा देकर नकदी,मोबाइल और बैग लेकर फरार
हरिद्वार, 13 अक्टूबर (हि.स.)। हरिद्वार से पश्चिम बंगाल लौट रहे दो मजदूरों को एसी थर्ड में कन्फर्म टिकट दिलाने का झांसा देकर ठगों ने नकदी, मोबाइल और सामान ठग लिया। आरोपित मोबाइल का पासवर्ड और यूपीआई पिन हासिल कर एक मजदूर के खाते से 90,500 रुपये भी निकाल ले गए। जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार,पश्चिम बंगाल निवासी बिस्वजीत और रंजीत कुंभ एक्सप्रेस से आसनसोल जा रहे थे। इसी दौरान स्टेशन पर दो युवकों ने उनसे संपर्क किया। उन्होंने खुद को एक टीटी का भांजा बताते हुए आसनसोल तक एसी कोच में कन्फर्म टिकट दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद उन्होंने दोनों मजदूरों की मुलाकात एक अन्य व्यक्ति से कराई,जिसने खुद को टीटी बताया।
आरोपितों ने दोनों से कहा कि एसी कोच में जाने से पहले सामान जमा कर उसकी रसीद बनवानी होगी। उनके झांसे में आकर बिस्वजीत ने अपना मोबाइल फोन, छह हजार रुपये नकद और कपड़ों से भरा बैग दे दिया। रंजीत ने भी छह हजार रुपये आरोपितों को सौंप दिए। इस दौरान आरोपितों ने बिस्वजीत के मोबाइल का पैटर्न लॉक, पासवर्ड और यूपीआई पिन भी हासिल कर लिया।
इसके बाद आरोपित रसीद लाने की बात कहकर दोनों मजदूरों को स्टेशन के गेट नंबर दो पर छोड़कर फरार हो गए। कुछ देर बाद बिस्वजीत के बैंक खाते से यूपीआई के जरिए 90,500 रुपये निकाल लिए गए। ठगी का पता चलने पर पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की।
जीआरपी निरीक्षक बिपिन चंद्र पाठक ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला