Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

महापौर गणेश केसरवानी और नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा ने किया भूमि पूजन, क्षेत्रवासियों को मिलेगी उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं
प्रयागराज, 13 अक्टूबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध प्रयागराज के नैनी में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण किया जाएगा। इससे नैनी सहित प्रयागराज के नागरिकों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। मंगलवार को महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी और नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा की उपस्थिति में अस्पताल निर्माण एवं विकास कार्य का शुभारंभ भूमि पूजन के साथ किया गया। इस परियोजना का उद्देश्य शहरवासियों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है।
नगर निगम प्रयागराज की ओर से 13 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12:30 बजे भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। अस्पताल का निर्माण नैनी क्षेत्र के वार्ड संख्या 31, जहांगीराबाद में इलेक्ट्रॉनिक बस चार्जिंग स्टेशन के पास कराया जाएगा। पीपीपी मॉडल पर बनने वाले इस अस्पताल से क्षेत्र में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होने की उम्मीद है। इससे लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
भूमि पूजन कार्यक्रम में विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी और गुरु प्रसाद मौर्य सहित पार्षद रणविजय सिंह, आकाश सोनकर, राममिलन, अनिल कुमार, सियाराम, सचिन मिश्रा, विनय कुमार मिश्रा, कुसुम लता, प्रीति गुप्ता, भास्कर पटेल, दीपक कुमार कुशवाहा, शिवकुमार, मुकेश लारा और भोला तिवारी सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल