Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जांजगीर-चांपा, 13 अक्टूबर (हि. स.)। युवाओं के सशक्तिकरण, नेतृत्व क्षमता के विकास और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चांपा स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्व समाज मांगलिक भवन में आज 'युवा उड़ान 2026' कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान युवाओं और खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार से ही विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत का सपना साकार होगा। युवा उड़ान कार्यक्रम युवाओं से संवाद करने, उनकी प्रतिभा को पहचानने और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण मंच है।
उन्होंने युवाओं को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। जीवन में लक्ष्य हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास जरूरी हैं। स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने युवाओं से अपने लक्ष्य की प्राप्ति तक लगातार प्रयास करते रहने का आह्वान किया।
तोमर ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवा खेल, शिक्षा, कला और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। युवाओं को उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर अपने कौशल और हुनर को निखारना चाहिए। उन्होंने शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने और अपनी क्षमताओं का उपयोग समाज एवं राष्ट्र के विकास में करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल और जिला पंचायत अध्यक्ष इंजीनियर सत्यलता आनंद मिरी ने भी युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि युवा देश और प्रदेश के भविष्य हैं। उनकी प्रतिभा को सही दिशा और अवसर मिलने से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
इस अवसर पर खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभावान युवाओं को सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में शिक्षा दिनकर, प्रज्ञा खुंटे, शालू डहरिया, सूरजा कश्यप, खुशबू देवांगन, नैतिक गौतम, निहाल पाण्डेय, मंदाकनी श्रीवास, प्रशांत कहरा, शुभम डहरिया और सुनील मिलेंद शामिल रहे।
इसके अलावा सामूहिक नुक्कड़ नाटक के लिए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय चांपा तथा सामूहिक नृत्य के लिए सरस्वती शिशु मंदिर चांपा के छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। अतिथियों ने सभी प्रतिभागियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत और अभ्यास के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, नगर पालिका चांपा अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, जिला पंचायत सदस्य राजकुमार साहू, विनिता मोदी, इंजीनियर रवि पांडेय, अमर सुल्तानिया, कार्तिकेश्वर स्वर्णकार, अमन प्रताप सिंह, आकाश सिंह, विवेका गोपाल, पुरुषोत्तम शर्मा, जितेंद्र देवांगन, संतोष थवाईत, एसडीएम चांपा शशि चौधरी, जिला शिक्षा अधिकारी मनोहर प्रताप सिंह, युवा अधिकारी प्रतिष्ठा माथुर, जिला खेल अधिकारी, पुष्पा कोरी दिवाकर सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दीपक यादव और सतीष सिंह ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT