Enter your Email Address to subscribe to our newsletters



गोरखपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराने के लिए गोरखपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा, बाजारों में सुचारु आवागमन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर ने मंगलवार को थाना गोरखनाथ क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रमुख बाजारों और संवेदनशील इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। उन्होंने त्योहारों के मद्देनजर पुलिस की सतर्कता, सुरक्षा प्रबंधों और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पैदल गश्त के माध्यम से पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को परखने के साथ ही त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए सतर्कता और निगरानी बनाए रखने पर जोर दिया। प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने तथा आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में की गई इस गश्त का उद्देश्य नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी बनाए रखना रहा। पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहें और त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाएं।
पैदल गश्त के दौरान प्रभारी निरीक्षक थाना गोरखनाथ सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। गोरखपुर पुलिस ने आगामी त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय