Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुंबई, 13 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश उपाध्यक्ष केशव उपाध्ये ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें ‘दिमागी नक्सलवाद’ का साक्षात चेहरा करार दिया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार परिषद में उपाध्ये ने आरोप लगाया कि चुनावों में लगातार पराजय का सामना करने के बाद राहुल गांधी देश में असंतोष फैलाने और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं।
उपाध्ये ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में ‘दिमागी नक्सल’ शब्द का प्रयोग किए जाने के संदर्भ में राहुल गांधी की राजनीतिक गतिविधियां इसी विचारधारा को दर्शाती हैं। उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय तक निकाले गए मार्च और एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाए। उनके मुताबिक, आरोप लगाने के साथ ठोस सबूत प्रस्तुत करना भी जरूरी है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि नक्सली विचारधारा का उद्देश्य जनसमस्याओं का समाधान करने के बजाय राज्य व्यवस्था के खिलाफ असंतोष पैदा करना है। उन्होंने राहुल गांधी के आंदोलनों को इसी कथित कार्यप्रणाली से जोड़ते हुए कहा कि सरकार और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करना उनकी राजनीति का हिस्सा बन गया है। उपाध्ये ने यह भी दावा किया कि सर्वोच्च न्यायालय में दायर याचिका अधूरी थी और उसके साथ पर्याप्त दस्तावेज नहीं लगाए गए थे।
उन्होंने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का उल्लेख करते हुए दावा किया कि यात्रा के दौरान नक्सलवाद समर्थक संगठनों से जुड़े लोग उनके साथ थे। उपाध्ये ने इसे कांग्रेस की राजनीतिक दिशा पर सवाल खड़े करने वाला मुद्दा बताया। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने राहुल गांधी पर देशविरोधी ताकतों के पक्ष में बोलने का आरोप लगाते हुए तीन प्रमुख घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने डोकलाम विवाद के दौरान राहुल गांधी की चीनी दूतावास में हुई मुलाकात, ऑपरेशन सिंदूर के बाद उनके बयानों और भारत की नीतियों को लेकर एलन मस्क की टिप्पणियों के समर्थन में किए गए कथित ट्वीट का उल्लेख किया। भाजपा नेता ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सरकार की आलोचना करना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन आरोपों के समर्थन में तथ्य प्रस्तुत करना और राष्ट्रीय हितों के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी उतना ही आवश्यक है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव