Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धनबाद, 13 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस बल को नई ताकत मिली है। मंगलवार को धनबाद पुलिस केंद्र में 45 नई बाइक का आवंटन किया गया। इस दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार मौजूद रहे। अधिकारियों ने पुलिस जवानों को नई बाइक सौंपी। इन बाइक के जरिए शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की गश्त तेज होगी और किसी भी सूचना पर पुलिस कम समय में मौके पर पहुंच सकेगी।
पुलिस के सुदृढ़ीकरण की दिशा में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में दूसरे चरण के तहत पुलिस को 45 नई बाइक दी गई हैं। इससे पहले पहले चरण में 160 बाइक उपलब्ध कराई गई थीं। इस तरह दोनों चरणों को मिलाकर करीब 200 नई बाइक पुलिस को मिल चुकी हैं। इसके अलावा पुलिस को 80 अत्याधुनिक बोलेरो वाहन भी मिले हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि नई बाइक यातायात पुलिस को दी गई हैं। दुर्गा पूजा के दौरान शहर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में संकरी सड़कों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चारपहिया वाहनों से गश्त करना मुश्किल होता है। बाइक से पुलिसकर्मी आसानी से इन इलाकों में पहुंच सकेंगे। इससे पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम कम होगा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी।
एसएसपी के मुताबिक, पुरानी बाइकों को मिलाकर जिले में अब करीब 2800 बाइक उपलब्ध हैं, जो पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था संभालने में मददगार होंगी।
वहीं, उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस बल को लगातार सशक्त कर रही है। त्योहारों के इस मौसम में नई बाइकों का आवंटन काफी महत्वपूर्ण है। इससे किसी भी घटना या सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच सकेगी। इसका सीधा लाभ कानून-व्यवस्था बनाए रखने, ट्रैफिक नियंत्रण और आम जनता की सुरक्षा में मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा