कुंजला में नवरात्र की धूम, मां चंद्रघंटा की हुई पूजा-अर्चना
खूंटी, 13 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के मुरहू प्रखंड अंतर्गत कुंजला गांव में शारदीय नवरात्र को लेकर भक्तिमय माहौल बना हुआ है। मंगलवार को नवरात्र के तीसरे दिन मां दुर्गा के तीसरे स्वरूप मां चंद्रघंटा की विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान गांव
Kunjla


खूंटी, 13 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के मुरहू प्रखंड अंतर्गत कुंजला गांव में शारदीय नवरात्र को लेकर भक्तिमय माहौल बना हुआ है। मंगलवार को नवरात्र के तीसरे दिन मां दुर्गा के तीसरे स्वरूप मां चंद्रघंटा की विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान गांव के विभिन्न समाजों के लोगों ने एकजुट होकर पूजा में भाग लिया और माता रानी का गुणगान किया।

पूजा-अर्चना आचार्य प्रदीप पंडित ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराई। आयोजन में विभिन्न समाजों की लगभग 70 से 80 बच्चियों एवं बालिकाओं की सहभागिता आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। उनकी उपस्थिति से गांव का वातावरण भक्तिमय हो गया है।

इस आयोजन की विशेषता सामाजिक एकता और आपसी सौहार्द है। सभी समाजों के लोग मिलकर मां दुर्गा की आराधना कर रहे हैं और गांव की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना कर रहे हैं। पूजा के दौरान जय माता दी के जयकारों से पूरा गांव गूंज रहा है।

नवरात्र का यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ भाईचारे और सामूहिक सहभागिता का संदेश भी दे रहा है। यह जानकारी पूजा समिति के अध्यक्ष काशीनाथ महतो ने दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा