Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

राजगढ़, 23 जनवरी (हि.स.)। ब्यावरा में ग्राम अरन्या के समीप स्थित बाबा खाटू श्याम मंदिर पर बसंत पंचमी के अवसर पर शुक्रवार को विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस मौके पर मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी और पूरा वातावरण भजन-कीर्तन व जयकारों से गूंज उठा।
परंपरा के अनुसार बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर बाबा श्री खाटू श्याम जी के गले में वर्ष भर से विराजित पीतांबरी वस्त्रों को विधि-विधान के साथ बदला गया। इन पुराने पीतांबरी वस्त्रों को बाद में प्रसाद स्वरुप श्रद्वालुओं को वितरित किया गया। मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि इन पवित्र वस्त्रों का प्राप्त करना अत्यंत शुभ माना जाता है। मान्यता है कि बाबा के इन वस्त्रों के दर्शन और प्राप्ति से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती है साथ ही जीवन में सुख, शांति और समृद्वि आती है। इस अवसर पर प्रातःकालीन आरती के पश्चात पीताम्बरी वितरण कार्यक्रम प्रारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्वालु शामिल हुए। भक्तों ने श्रद्वाभाव से बाबा के दर्शन किए और पीताम्बरी प्राप्त की। मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए, जिससे आयोजन सुचारु रुप से संपन्न हुआ। इस दिन के लिए मंदिर परिसर को भी आर्कषक रुप से सजाया गया। बाबा श्याम का श्याम वर्ण श्रंगार किया गया साथ ही उज्जैन से मंगवाए गए 51 किलो सुगंधित पुष्पों से श्रंगार किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक