Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

-ताड़ी गांव में कृषक-श्रमिक चौपाल लगाकर पूर्व सांसद ने गिनाये योजना के फायदे
चित्रकूट, 23 जनवरी (हि.स.)। जिले के ताड़ी गांव में विकसित भारत जीराम जी के अन्तर्गत शुक्रवार को आयोजित कृषक श्रमिक चौपाल में मुख्य अतिथि रहे बांदा-चित्रकूट के पूर्व सांसद आर के सिंह पटेल ने ग्रामीणों को योजना से होने वाले फायदों की विस्तृत जानकारी दी। पूर्व सांसद श्री पटेल ने कहा कि मोद-योगी सरकार में गांव और गरीबों का चहुमुखी विकास हो रहा है। भारत के विकसित राष्ट्र बनने तक देष व प्रदेष मेें भाजपा की सरकार रहेगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहे बुंदेलखंड के कद्दावर राजनेता पूर्व सांसद आर के सिंह पटेल ने कहा कि विकसित भारत जी-राम-जी अधिनियम के तहत अब ग्रामीण क्षेत्रों में 125 दिनों के कार्य की कानूनी गारंटी प्रदान की गई है। साथ ही, यदि कार्य उपलब्ध नहीं कराया जाता है, तो बेरोजगारी भत्ते के प्रावधान को और अधिक सशक्त किया गया है। उन्होने बताया कि इस एक्ट के अंतर्गत अब मजदूरी का भुगतान एक सप्ताह के भीतर करना अनिवार्य किया गया है। यदि 15 दिवस के भीतर मजदूरी का भुगतान नहीं किया जाता है, तो संबंधित मजदूर को अतिरिक्त राशि ब्याज के रूप में दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पूर्व में भुगतान में विलंब होने पर मजदूरों को कोई क्षतिपूर्ति नहीं मिलती थी, किंतु अब देरी की स्थिति में संबंधित जिम्मेदारों को इसकी कीमत चुकानी होगी।
उन्होंने आगे बताया कि विकसित भारत जी-राम-जी एक्ट के तहत गांव की आवश्यकताओं के अनुरूप कार्यों का चयन अब ग्राम सभा द्वारा किया जाएगा। गांव की जरूरतों के अनुसार ही कार्य कराए जाएंगे, जो इस योजना की मूल भावना है। इस अधिनियम के लागू होने से गांवों में जल संरक्षण, आधारभूत संरचना विकास, आजीविका आधारित गतिविधियां तथा प्राकृतिक आपदाओं से बचाव जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जा सकेंगे।
चौपाल के दौरान पूर्व सांसद श्री पटेल ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा उन्हें योजना का अधिकतम लाभ उठाने के लिए सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों में योजना को लेकर उत्साह देखने को मिला तथा शासन की मंशा के अनुरूप ग्राम स्तर पर विकास कार्यों में जनभागीदारी को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष मऊ ओमप्रकाश मिश्र बाला जी , मंडल अध्यक्ष बरगढ़ मनीष सिंह,मंडल महामंत्री सर्वेश मिश्रा , मंडल उपाध्यक्ष नीलधर त्रिपाठी, मंडल मंत्री इंद्रेश त्रिपाठी, जिला पंचायत सदस्य राजाराम पाल,ताड़ी प्रधान दरबारी लाल निषाद,चकौर प्रधान दुर्गा प्रसाद,बरवार प्रधान विमलेश निषाद, ए०डी०ओ० पंचायत दुर्गेश नंदन सहित तमाम प्रधान एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रतन पटेल