Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हरिद्वार, 23 जनवरी (हि.स.)। नगर कोतवाली पुलिस ने मोबाइल दुकानों के शटर तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी का सामान व घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है। आरोपित पूर्व में भी जेल की हवा खा चुके हैं।
जानकारी के मुताबिक नगर कोतवाली अंतर्गत ऋषिकुल क्षेत्र में चोरों द्वारा 14 जनवरी को दो मोबाइल सेंटर दुकानों में शटर तोड़कर चोरी की गई। दुकान स्वामी नितिन शर्मा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों को चेक किया, जिसमें एक ईको कार प्रकाश में आई। जिसमें 02 संदिग्ध दिखायी दिए। कार स्वामी का नाम इदरीश अंसारी पुत्र फारुख अंसारी निवासी शास्त्री पार्क दिल्ली पाया गया। किन्तु वहां इस नाम का कोई व्यक्ति नहीं पाया गया। पता चला कि आरोपित काफी समय पहले किराये पर रहता था। दिल्ली के निकटतम थानो में पता करने पर कार स्वामी इदरीश के शातिर चोर होने व कई बार जेल जाने की बात प्रकाश में आयी।
दिल्ली की ओर आने जाने वाहनों की लगातार चैकिंग के दौरान दो संदिग्धों को घटना में प्रयुक्त ईको कार व चोरी के सामान के साथ औद्योगिक क्षेत्र बाईपास से दबोच लिया। आरोपितों के कब्जे से एम आई कम्पनी की 15 बैटरी व 01 मदर बोर्ड व 07 मोबाईल फोल्डर व 05 मोबाईल फोन बरामद हुए।
आरोपितों के नाम पते इदरिश अंसारी पुत्र फारुख अंसारी निवासी बुलन्द मस्जिद शास्त्री पार्क दिल्ली ,स्थायी निवासी जिला बक्सर बिहार उम्र 35 वर्ष व जीतू यादव पुत्र स्व. कमल यादव निवासी मीना बाजार पुरानी दिल्ली स्थायी निवासी जिला समस्तीपुर बिहार उम्र 34 वर्ष बतायी गयी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए दोनों का चालान कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला