Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


- संवेदनशील क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात
भोपाल/उज्जैन, 23 जनवरी (हि.स.) । मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के तराना क्षेत्र में गुरुवार रात शुरू हुआ विवाद शुक्रवार दोपहर तक बढ़ गया और हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच विवाद के बाद जमकर पत्थरबाजी हुई। जिसके बाद एहतियात के तौर पर बाजार बंद कर दिए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार, उज्जैन के तराना क्षेत्र में गुरुवार शाम विवाद की शुरुआत बड़े राम मंदिर के सामने स्थित सुखला गली में हुई। इस दौरान विश्व हिंदू परिषद के नगर मंत्री सोहेल ठाकुर (बुंदेला) वहां खड़े थे। तभी ईशान मिर्जा और उनके साथियों ने उन्हें रोकते हुए कहा कि “यहां क्यों खड़े हैं?”। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में झड़प और पत्थरबाजी शुरू हो गई। घटनास्थल पर उपद्रवियों ने बस स्टैंड पर खड़ी 11 बसों को भी नुकसान पहुंचाया, जबकि एक बस को आग लगा दी। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने धारा 144 लागू कर भीड़ को बलपूर्वक तितर-बितर किया। वर्तमान में इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और हालात पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
हिंदू संगठनों ने थाने का किया घेराव
तनाव शुक्रवार सुबह भी कम नहीं हुआ। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव किया और आरोपियों के घरों को तोड़ने की मांग करते हुए जुलूस और नारेबाजी की। इस दौरान विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कई सदस्य थाने पहुंचे और अपनी विरोध प्रदर्शन जारी रखा। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके का बाजार बंद रखा गया और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। सुरक्षा की अतिरिक्त व्यवस्था के बीच जुमे की नमाज भी संपन्न कराई गई।
पांच आरोपी गिरफ्तार
विवाद के दौरान कुछ युवकों ने पीछे से विश्व हिंदू परिषद के नगर मंत्री सोहेल ठाकुर पर हमला कर दिया, जिसमें उन्हें सिर में गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें उज्जैन रेफर किया गया। पुलिस ने इस मामले में सप्पन मिर्जा (मदारबड़ा), ईशान मिर्जा, शादाब उर्फ इडली, सलमान मिर्जा, रिजवान मिर्जा और नावेद के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया है। इनमें से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
एडिशनल एसपी गुरु प्रसाद पराशर ने बताया कि इलाके में फिलहाल शांति बनी हुई है और एक आपराधिक घटना पर तत्काल कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस ने हालात पर कड़ी निगरानी रखी है और किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
वहीं, इस विवाद के बाद पार्षद शेख यासिम ने कहा कि निजी झगड़े को धर्म से जोड़ दिया गया। उनके अनुसार, उनकी और उनके भाई की 12 बसें क्षतिग्रस्त हुईं, जिससे करीब 3 लाख रुपए का नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि बसों के अलावा अन्य लोगों की कारें और दुकानें भी प्रभावित हुईं। शेख यासिम ने कहा कि उनका मकसद केवल यह है कि नगर में शांति कायम रहे और जिन्होंने नुकसान पहुँचाया है, उनके खिलाफ उचित कार्रवाई हो। इधर, शहर के काजी सफीउल्लाह ने कहा कि मस्जिद की तरफ से सभी को शांति बनाए रखने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि अगर किसी की गलती पाई जाती है तो प्रशासन जांच कर कार्रवाई करे।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत