51 हजार की कुश्ती अनिर्णीत, बिरोही दंगल में रोमांच चरम पर
मीरजापुर, 23 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में जिगना क्षेत्र के बिरोही गांव में बसंत पंचमी के मौके पर शुक्रवार को आयोजित परंपरागत कुश्ती दंगल में रोमांच चरम पर रहा। राजर्षि आईबी सिंह मेमोरियल वीरभद्र विराट कुश्ती दंगल व मेले के तहत हुई अं
पहलवानों का हाथ मिलाकर कुश्ती का शुभारंभ करते भाजपा जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह


मीरजापुर, 23 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में जिगना क्षेत्र के बिरोही गांव में बसंत पंचमी के मौके पर शुक्रवार को आयोजित परंपरागत कुश्ती दंगल में रोमांच चरम पर रहा। राजर्षि आईबी सिंह मेमोरियल वीरभद्र विराट कुश्ती दंगल व मेले के तहत हुई अंतरप्रांतीय कुश्तियों में दर्शकों की भारी भीड़ जुटी। दंगल की सबसे बड़ी 51 हजार रुपये की इनामी कुश्ती गोरखपुर के अर्जुन और वाराणसी के नेहरू पहलवान के बीच हुई, लेकिन अतिरिक्त समय के बाद भी मुकाबला अनिर्णीत रहा।

अन्य मुकाबलों में हरियाणा की मोनिका ने गोरखपुर की खुशी को ढाक दांव से पराजित कर दर्शकों की तालियां बटोरीं। वहीं नेपाल के कमांडो पहलवान ने मेरठ के उत्तम को काला जंग दांव से चित कर दिया। क्षेत्रीय व जनपद के पहलवानों ने भी दमखम दिखाते हुए भविष्य की संभावनाओं का संकेत दिया।

दंगल का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह ने पहलवानों से हाथ मिलाकर किया। पारंपरिक मेले में दिनभर चहल-पहल बनी रही। आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. इंदु प्रकाश सिंह ने विजेता पहलवानों को कप व मेडल देकर सम्मानित किया और कहा कि समिति उदीयमान खिलाड़ियों को किट व आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए सदैव तत्पर रहेगी।

इस मौके पर कोषाध्यक्ष कृष्णकांत उर्फ मिंटू सिंह, सुदामा सिंह, विश्वेश्वर प्रकाश सिंह, राजकुमार सिंह, अरुण सिंह, संतोष पाठक, सुरेंद्र सिंह, जिला पंचायत सदस्य प्रिंस सिंह सहित अन्य लोग व्यवस्था में जुटे रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा