Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


फिरोजाबाद, 23 जनवरी (हि.स.)। दिल्ली व थाना टूंडला पुलिस टीम ने आज फिरोजाबाद जिले के टूंडला में एक मुठभेड़ में गोली चलने से घायल 50 हजार के इनामी शातिर अभियुक्त अविनाश उर्फ जानू को गिरफ्तार कर लिया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दौरान अभियुक्त ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इससे दाे पुलिस अफसराें के बुलेट प्रूफ जेकेट में गाेलियां लगी। इस अभियुक्त ने दिल्ली पुलिस पर जानलेवा हमला कर सरकारी पिस्टल लूटी थी।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि कल 22 जनवरी को दोपहर लगभग 2:20 बजे, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली जिले के थाना सफदरजंग एनक्लेव के अंतर्गत एसडीए स्थित रोज गार्डन इलाके में दो आरोपिताें ने बीट ऑफिसर से सरकारी पिस्टल छीनकर जान से मारने की नियत से फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। इस घटना के दौरान पुलिस अधिकारी बाल-बाल बच गए। इस सम्बन्ध में थाना सफदरजंग एनक्लेव में मुकदमा दर्ज कर अभियुक्तों की तलाश शुरू कर दी।सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर, घटना में शामिल एक अपराधी की पहचान अविनाश उर्फ जानू पुत्र किशनलाल निवासी मकान नंबर 153-सी, सावित्री नगर, मालवीय नगर, नई दिल्ली के रुप में हुयी जो थाना मालवीय नगर का एक घोषित अपराधी है। इसके विरुद्ध विभिन्न थानों में लूट, डकैती, छिनैती आदि के कुल 10 मुकदमें पंजीकृत है। इस पर 50 हजार का इनाम भी घोषित था।
उन्होंने बताया कि अभियुक्त अविनाश उर्फ जानू के थाना क्षेत्र टूण्डला में होने की संभावना पर दिल्ली पुलिस की दक्षिणी पश्चिमी जिले की ऑपरेशन सेल की टीम थाना टूंडला पर आयी। दाेनाें पुलिस टीमाें ने अभियुक्त की तलाश शुरू की। पुलिस टीम शमशान घाट के पास पहुंची तो पुलिस पार्टी को देखकर अभियुक्त अविनाश उर्फ जानू ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग की। जिससे दिल्ली पुलिस के एसीपी मेलविन वार्गिस तथा निरीक्षक रामकुमार स्पेशल आपरेशन सेल दक्षिणी पश्चिमी दिल्ली की पहनी बुलट प्रुफ जाकेट में गोली लगी। जिससे बाल बाल बच गये।
पुलिस टीम ने अभियुक्त अविनाश उर्फ जानू को पुलिस मुठभेड़ के दौरान लूटी हुई एक सरकारी पिस्टल मय 03 खोखा कारतूस 9MM, एक मोबाइल मोटोरोला, स्कूटी नम्बर DL3SFK 6294 के साथ गिरफ्तार किया है। एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त अविनाश उर्फ जानू के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़