Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


जयपुर, 23 जनवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी होती है। देश और प्रदेश की प्रगति में युवाओं की निर्णायक भूमिका है। युवा न केवल देश का भविष्य हैं, बल्कि वर्तमान भी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर कदम पर प्रदेश के विद्यार्थियों और युवाओं के साथ खड़ी है। विद्यार्थी पूरी लगन और मेहनत से पढ़ाई करें, नवाचार करें और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने सपनों को साकार करें।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को बसंत पंचमी एवं नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती के अवसर पर जयपुर स्थित कॉमर्स कॉलेज में आयोजित सरस्वती वंदन, युवा संवाद एवं मेगा पीटीएम कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने जयपुर में राजकीय महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए विदेशी भाषा संचार कौशल स्कूल खोलने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने बसंत पंचमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व नवचेतना, नवसृजन और नवसंकल्प का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 75 लाख विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक सरस्वती वंदना कर शिक्षा की देवी को नमन किया गया। उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चन्द्र बोस ने आजाद हिन्द फौज की स्थापना कर देश की आजादी में ऐतिहासिक योगदान दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं की शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। अब तक 1 लाख से अधिक पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि विभिन्न संवर्गों के 1 लाख 43 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है। इसके अलावा 1 लाख सरकारी पदों की भर्ती परीक्षा का कैलेंडर भी जारी किया गया है। निजी क्षेत्र में करीब ढाई लाख युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 71 नए राजकीय महाविद्यालयों की स्थापना, संभाग स्तर पर युवा साथी केंद्र, खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का आयोजन, राजस्थान युवा नीति, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, कौशल प्रशिक्षण, इंटर्नशिप, 65 आई-स्टार्टअप लॉन्चपैड नेस्ट की स्थापना और 658 स्टार्टअप्स को करीब 22.5 करोड़ रुपये की सहायता जैसे कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सरकार निरंतर नवाचार कर रही है। मेगा पीटीएम के माध्यम से शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी के बीच विश्वास और सहयोग की मजबूत कड़ी बनी है। उन्होंने बताया कि सभी राजकीय विद्यालयों में कृष्णभोग का आयोजन किया गया, जिससे सामूहिक सहभागिता और सकारात्मक वातावरण को बल मिला।
उन्होंने निपुण राजस्थान कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके तहत कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों की पठन, लेखन और गणना क्षमता को गतिविधियों एवं सहभागिता के माध्यम से मजबूत किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। राज्य सरकार बालिकाओं के जन्म से लेकर उन्हें आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन देने के लिए प्रतिबद्ध है। लाडो प्रोत्साहन योजना, निःशुल्क साइकिल वितरण, 1.64 लाख महिलाओं एवं बालिकाओं को निःशुल्क कंप्यूटर, अकाउंट और इंग्लिश स्पोकन प्रशिक्षण तथा मुख्यमंत्री नारी शक्ति कौशल सामर्थ्य योजना जैसी योजनाओं से महिलाओं को सशक्त किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि प्रत्येक छात्र में असाधारण क्षमता होती है। मेहनत, अनुशासन और मूल्यों के साथ आगे बढ़ें। माता-पिता और शिक्षक विद्यार्थियों की सफलता की सबसे मजबूत टीम हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धा दूसरों से नहीं, स्वयं से होनी चाहिए। शिक्षक केवल अध्यापक नहीं, बल्कि मार्गदर्शक और मेंटर होते हैं, जो आत्मनिर्भर राष्ट्र की नींव रखते हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय पेपर लीक जैसी घटनाओं से युवाओं के सपनों को ठेस पहुंची, लेकिन वर्तमान सरकार ने इस पर सख्त कार्रवाई की है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने मेगा पीटीएम के तहत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोधपुर, कोटा, भरतपुर, बीकानेर और उदयपुर के विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों में सहयोग, सामाजिक सौहार्द और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करने पर जोर दिया तथा प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने की अपील की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं और सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों को 1 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। उन्होंने प्रदेशभर में 3.34 लाख छात्राओं को 130 करोड़ रुपये की निःशुल्क साइकिलों के वितरण का शुभारंभ किया।
इसके अलावा गार्गी पुरस्कार सहित विभिन्न बालिका योजनाओं के तहत 3 लाख से अधिक बालिकाओं को 126.81 करोड़ रुपये, ट्रांसपोर्ट वाउचर योजना के अंतर्गत 4.40 लाख विद्यार्थियों को 53 करोड़ रुपये, तथा 55 लाख से अधिक लाभार्थियों को लगभग 700 करोड़ रुपये की सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद मंजू शर्मा, विधायक राव राजेन्द्र सिंह, गोपाल शर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव कुलदीप रांका, शासन सचिव कृष्ण कुणाल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित