Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोलकाताा, 23 जनवरी (हि. स.)। पूर्व मेदिनीपुर जिले के मयना विधानसभा क्षेत्र में लक्खी भंडार योजना की राशि लंबे समय से नहीं मिलने को लेकर अब कलकत्ता हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई है। मयना के बागचा और गजिना, इन दो ग्राम पंचायतों में पिछले छह महीने से अधिक समय से सात हजार से ज्यादा महिला लाभार्थी योजना की राशि से वंचित हैं, जिससे क्षेत्र में भारी असंतोष व्याप्त है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पिछले वर्ष के अंत से ही इन दोनों पंचायतों की अनेक महिलाओं ने शिकायत की थी कि उनके बैंक खातों में लक्खी भंडार की राशि जमा नहीं हो रही है।
उल्लेखनीय है कि बागचा और गजिना, दोनों ग्राम पंचायतें भाजपा के नियंत्रण में हैं। इसी कारण सरकारी योजना की राशि रोके जाने की आशंका को लेकर लाभार्थियों ने सवाल उठाए हैं।
इस पूरे मामले को लेकर बागचा ग्राम पंचायत की भाजपा सदस्य मीता मंडल साउ ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की है। शुक्रवार को एक साक्षात्कार में उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक मतभेदों के कारण महिलाओं को सरकारी योजनाओं से वंचित किया जा रहा है। इससे पहले नाराज महिलाओं ने मयना बीडीओ कार्यालय में ज्ञापन सौंपा था और निजी टेलीविजन चैनलों पर भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया था, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला।
याचिकाकर्ता ने न्यायालय पर भरोसा जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि अदालत के हस्तक्षेप से शीघ्र ही महिलाओं को उनका हक मिलेगा।
इस बीच, मयना पंचायत समिति के अध्यक्ष शेख शाहजहां अली ने कहा कि गांव की महिलाओं को लक्खी भंडार योजना का लाभ दिलाने के लिए पंचायत की ओर से सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं और जल्द ही सभी पात्र लाभार्थियों तक यह सुविधा पहुंच जाएगी। उन्होंने महिलाओं से धैर्य बनाए रखने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर