Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 23 जनवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से 18वें रोजगार मेले में विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नव नियुक्त युवाओं को 61 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। मोदी इस अवसर पर एक जनसभा को संबोधित भी करेंगे। 18वां रोजगार मेला देशभर के 45 स्थानों पर आयोजित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार यह प्रधानमंत्री रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता के अनुरूप, रोजगार मेला इस दृष्टिकोण को साकार करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल है। इसकी स्थापना के बाद से देश भर में आयोजित रोजगार मेलों के माध्यम से 11 लाख से अधिक नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं।
इस दौरान भारत के सभी हिस्सों से चयनित नव नियुक्त कर्मचारी गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और उच्च शिक्षा विभाग सहित भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में कार्यभार ग्रहण करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा