Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जांजगीर-चांपा, 23 जनवरी (हि.स.)। जिले के धान खरीद केंद्र पेण्ड्री में आज शुक्रवार को भाजपा छत्तीसगढ़ किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता इंजीनियर रवि पाण्डेय ने पहुंचकर वहां उपस्थित किसानों से चर्चा की और धान खरीद की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान खरीद केंद्र के प्रभारी ने उन्हें अवगत कराया कि केंद्र में लगभग 70 किसानों के आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनके लिए टोकन जारी किया जाना शेष है।
इंजीनियर रवि पाण्डेय ने मौके पर मौजूद किसानों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार अपने वादे के अनुरूप प्रत्येक किसान का धान खरीदेगी। उन्होंने कहा कि जिन किसानों के आवेदन शेष हैं, उनका सहकारिता विभाग द्वारा सत्यापन पूर्ण होने के पश्चात ऑनलाइन प्रविष्टि कर टोकन जारी कर दिया जाएगा, जिससे किसी भी किसान को परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रदेश प्रवक्ता ने उन किसानों के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने अपने उस रकबे को शासन को समर्पित किया है, जिसमें धान की बिक्री नहीं की जा रही है। उन्होंने बताया कि रकबा समर्पण अभियान का मुख्य उद्देश्य धान खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना और बिचौलियों पर प्रभावी रोक लगाना है, ताकि योजना का वास्तविक लाभ जरूरतमंद किसानों तक पहुंच सके। इस पहल के लिए उन्होंने किसानों की जागरूकता और सहयोग की सराहना की।
इंजीनियर पाण्डेय ने किसानों को यह भी स्पष्ट किया कि रकबा समर्पण केवल वर्तमान खरीद सत्र के लिए लागू है और इसका प्रभाव आगामी वर्षों के रिकॉर्ड पर नहीं पड़ेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश के सभी किसानों का धान शासन द्वारा 31 जनवरी तक खरीदा जाएगा। इस अवसर पर क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान, धान खरीदी केंद्र के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT