Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 23 जनवरी (हि.स.)। द्वारका जिले के ककरोला इलाके में शुक्रवार दोपहर गंदा नाला से एक पुरुष और एक महिला का शव मिला। दोपहर करीब 12 बजे एक कैब चालक ने ककरोला गंदा नाला पिकेट पर तैनात पुलिसकर्मियों को सूचना दी कि नाले में दो शव पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और मामला तुरंत थाना नजफगढ़ को भेजा गया। सूचना पर एसआई राज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। खेड़ बाबा मजार के पास स्थित गंदा नाला से दोनों शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस के मुताबिक दोनों शव आंशिक रूप से सड़े हुए थे, लेकिन शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले। शुरुआती जांच में दोनों मजदूर वर्ग के प्रतीत हो रहे हैं।
मौके पर जांच के दौरान पुरुष के शव से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर मृतकों की पहचान मुन्ना लाल (58) और उनकी पत्नी रामवती देवी (55) के रूप में हुई। दोनों 17 जनवरी 2026 से थाना बिंदापुर क्षेत्र से लापता थे। पुलिस ने बताया कि दंपती मजदूरी का काम करता था। उनका बेटा रितेश, जिसके नाम पर बरामद मोबाइल पंजीकृत है, वह भी ऑटो पार्ट से जुड़ा मजदूरी कार्य करता है।
घटना की सूचना पर क्राइम टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रारंभिक पूछताछ और जांच में किसी तरह की आपराधिक वारदात के संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस का कहना है कि फिलहाल प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध नहीं लग रहा, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। दोनों शवों को आगे की कार्रवाई के लिए अस्पताल भेज दिया गया है, जहां पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी