Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

शिलांग, 23 जनवरी (हि.स.)। मेघालय पुलिस ने पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले में हुए आईईडी विस्फोट मामले में दो और आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस मामले में अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या चार हो गई है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता की तलाश अब भी जारी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूर्वी और पश्चिमी जयंतिया हिल्स पुलिस की संयुक्त टीम ने बीते पूरी रात चले अभियान के दौरान दोनों आरोपितों को दबोचा। 29 और 25 वर्ष आयु के इन आरोपितों को आज अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें छह दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि यह विस्फोट 15 दिसंबर की रात करीब 12:15 बजे शिमप्लोंग गांव के पास स्थित धर कंस्ट्रक्शन कंपनी के परिसर में हुआ था। धमाके में परिसर में खड़े एक पानी के टैंकर को नुकसान पहुंचा था, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली। बाद में फॉरेंसिक जांच में विस्फोट में आईईडी के इस्तेमाल की पुष्टि हुई।
इससे पहले पुलिस ने इसी मामले में शिमप्लोंग गांव के दो निवासियों को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था। यह केस 16 दिसंबर को लुमशनोंग पुलिस थाने में दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने एक अन्य व्यक्ति को इस हमले का कथित मास्टरमाइंड बताया है, जो फिलहाल फरार है। यह आरोपित ख्लिह्रियात महिला पुलिस थाने में दर्ज एक अलग मामले में भी वांछित है, जो पोक्सो अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है। उसके घर की तलाशी के दौरान पुलिस ने सेफ्टी फ्यूज, डेटोनेटर, गनपाउडर, धातु के टुकड़े, एक देशी हथियार और वायरलेस हैंडसेट समेत विस्फोटक सामग्री बरामद किया है।
इस बीच प्रतिबंधित संगठन हिन्यूट्रैप नेशनल लिबरेशन काउंसिल (एचएनएलसी) ने विस्फोट की जिम्मेदारी ली थी। मेघालय पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी के पास इस घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी हो तो वह आगे आए। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और ठोस जानकारी पर उचित इनाम भी दिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश