Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भोपाल, 23 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। समसगढ़ गांव निवासी युवक ने घर के पास स्थित एक बंद पड़े मकान में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना का खुलासा शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान चंदन मालवीय (24), पुत्र स्वर्गीय जमना प्रसाद मालवीय के रूप में हुई है। चंदन अपनी मां, छोटे भाई और बहन के साथ ग्राम समसगढ़ में रहता था। वह एक निजी डेंटल कॉलेज में बस चालक के रूप में कार्यरत था। परिजनों ने बताया कि चंदन रोज की तरह सुबह जल्दी उठा था, लेकिन वह काम पर नहीं गया। काफी देर तक घर से बाहर न निकलने पर छोटे भाई को चिंता हुई। तलाश के दौरान वह घर के पास स्थित पुराने और बंद मकान में पहुंचा, जहां उसने चंदन को फंदे पर लटका देखा।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उनकी मदद से शव को नीचे उतारा गया और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे