Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

- आयोजित की जाएंगी विभिन्न गतिविधियां
भोपाल, 23 जनवरी (हि.स.) । मध्य प्रदेश में शनिवार, 24 जनवरी को राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश के सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों एवं नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालिका छात्रावासों में राष्ट्रीय बालिका दिवस पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। बालिकाओं को शिक्षा, सुरक्षा, अधिकार एवं आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया जाएगा। प्रदेश में राष्ट्रीय बालिका दिवस को उत्साह पूर्वक मनाने को लेकर राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा समस्त जिलों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
जनसंपर्क अधिकारी सुनील वर्मा ने शुक्रवार को बताया कि राष्ट्रीय बालिक दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के अंतर्गत विशेषज्ञों द्वारा बालिकाओं को करियर मार्गदर्शन, डिजिटल कौशल, शिक्षा एवं उनके अधिकारों की जानकारी दी जाएगी। बाल विवाह, बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों, उनकी रोकथाम के लिए संचालित सरकारी योजनाओं एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक भी किया जाएगा। इसके साथ ही बालिकाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की जाएगी। सरल एवं प्रभावी संदेशों के माध्यम से बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट उपलब्धि प्राप्त बालिकाओं का सम्मानित भी किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत