Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 23 जनवरी (हि.स.)। राजस्थान को-ऑपरेटिव डेयरी फैडरेशन (आरसीडीएफ) और इससे संबद्ध जिला दुग्ध संघ प्रदेश में लोकल फॉर लोकल के राष्ट्रीय संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विजन “आपणों अग्रणी राजस्थान” के तहत राज्यभर के सरकारी और गैर सरकारी कार्यालय परिसरों, शैक्षणिक संस्थानों तथा चिकित्सा परिसरों में सरस आउटलेट स्थापित किए जा रहे हैं। जयपुर में किए गए प्रारंभिक प्रयोगों की सफलता के बाद अब इस योजना के विस्तार पर गंभीरता से काम शुरू कर दिया गया है।
जयपुर में जवाहर लाल नेहरू मार्ग स्थित सरस पार्लर, सचिवालय परिसर और राजस्थान पर्यटन विकास निगम (आरटीडीसी) के नाहरगढ़ स्थित पड़ाव रेस्टोरेंट में संचालित सरस आउटलेट्स को उपभोक्ताओं से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। इन स्थानों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को गुणवत्तायुक्त सरस दूध और दूध से बने उत्पाद उचित मूल्य पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
आरसीडीएफ की प्रबंध संचालक श्रुति भारद्वाज ने बताया कि फैडरेशन की योजना राज्य के सभी सरकारी और गैर सरकारी कार्यालय परिसरों में चरणबद्ध तरीके से सरस आउटलेट खोलने की है। इसके लिए विभिन्न विभागों और संस्थानों के साथ समन्वय किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आरसीडीएफ द्वारा एसएमएस हॉस्पिटल और राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (आरएसआरटीसी) के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया जा चुका है तथा शीघ्र ही अन्य प्रमुख संस्थानों से भी एमओयू किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल वोकल फॉर लोकल के संकल्प को सशक्त आधार प्रदान करती है, जिसके माध्यम से स्थानीय उत्पादन, स्थानीय रोजगार और स्थानीय उपभोग को बढ़ावा मिलेगा। इससे राज्य की सहकारी दुग्ध व्यवस्था मजबूत होगी और पशुपालकों को स्थायी बाजार उपलब्ध हो सकेगा।
पशुपालन एवं गोपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि आरसीडीएफ की यह पहल आत्मनिर्भर राजस्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इससे जहां एक ओर स्थानीय उत्पादों के उपभोग को बढ़ावा मिलेगा, वहीं दूसरी ओर दुग्ध सहकारिता से जुड़े पशुपालकों को उनके उत्पादों के लिए निरंतर और भरोसेमंद बाजार मिलेगा। इससे पशुपालकों की आय में स्थिरता आएगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। मंत्री ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में उचित मूल्य पर गुणवत्तायुक्त डेयरी उत्पादों की सुलभता बढ़ने से उपभोक्ताओं का विश्वास भी सहकारी ब्रांड सरस के प्रति और अधिक मजबूत होगा।
आरसीडीएफ की इस योजना के अंतर्गत वर्तमान में जयपुर के जवाहर लाल नेहरू मार्ग स्थित सरस पार्लर, सचिवालय परिसर और नाहरगढ़ स्थित पड़ाव रेस्टोरेंट में सरस आउटलेट सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं। इन आउटलेट्स के माध्यम से दूध, दही, छाछ, घी, पनीर, मिठाइयों सहित अन्य दुग्ध उत्पाद उपभोक्ताओं को आसानी से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे सरस उत्पादों की पहुंच सभी वर्गों तक सुनिश्चित हो रही है। आरसीडीएफ द्वारा राजस्थान के प्रमुख सरकारी अस्पताल एसएमएस और राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के साथ किए गए एमओयू के तहत अस्पताल परिसरों में सरस प्लाजा स्थापित किए जाएंगे। इन प्लाजा में मरीजों, उनके परिजनों, चिकित्सा कर्मियों और अस्पताल स्टाफ को पौष्टिक एवं सुरक्षित दुग्ध उत्पादों के साथ-साथ दैनिक उपयोग की खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इसी प्रकार राज्य के प्रमुख बस स्टैंड और परिवहन केंद्रों पर भी सरस आउटलेट खोले जाएंगे, जहां यात्रियों को दूध एवं दूध से बने ताजा उत्पाद वाजिब कीमत पर उपलब्ध हो सकेंगे। इससे यात्रियों को स्वच्छ और भरोसेमंद खाद्य विकल्प मिलेगा।
आरसीडीएफ राज्यभर की सरकारी और निजी यूनिवर्सिटीज तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों के साथ भी एमओयू करेगा। इसके तहत छात्रों को उनके कैंपस के भीतर ही स्वास्थ्यवर्धक और गुणवत्तायुक्त डेयरी उत्पाद उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे युवाओं में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और सहकारी ब्रांड सरस की पहुंच नई पीढ़ी तक सुनिश्चित होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश