बर्फबारी और बारिश से थमे एचआरटीसी की बसों के पहिये, धर्मशाला डिवीजन के तहत 58 बस रुट बाधित
धर्मशाला, 23 जनवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बर्फबारी और बारिश के कारण जनजीवन और परिवहन व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। खराब मौसम के चलते हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के धर्मशाला मंडल की कई बस सेवाएं
बर्फबारी और बारिश से थमे एचआरटीसी की बसों के पहिये, धर्मशाला डिवीजन के तहत 58 बस रुट बाधित


धर्मशाला, 23 जनवरी (हि.स.)।

हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बर्फबारी और बारिश के कारण जनजीवन और परिवहन व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। खराब मौसम के चलते हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के धर्मशाला मंडल की कई बस सेवाएं भी बाधित रहीं। डीएम एचआरटीसी पंकज चड्डा ने बताया कि 23 जनवरी को मंडल के अंतर्गत कुल 58 रूटों पर बस सेवाएं बंद या आंशिक रूप से बाधित हुईं, जिससे लगभग 9284 किलोमीटर मार्ग प्रभावित हुआ।

उन्होंने कहा कि जोगिंदरनगर, बैजनाथ, पालमपुर, नगरोटा बगवां, धर्मशाला, पठानकोट और चंबा क्षेत्रों में सड़कें अवरुद्ध हो गईं और कई स्थानों पर भारी हिमपात व तेज बारिश के कारण बसों का संचालन रोकना पड़ा। डीएम ने बताया कि जोगिंदरनगर में 11 रूट, बैजनाथ में 4, पालमपुर में 6, नगरोटा बगवां में 8, धर्मशाला में 3, पठानकोट में 9 और चंबा में 17 रूट प्रभावित हुए हैं।

सबसे अधिक असर पठानकोट यूनिट में

देखने को मिला जहां 4874 किलोमीटर मार्ग पर बस सेवाएं बाधित रहीं। इसके अलावा नगरोटा बगवां में 1125, पालमपुर में 846, धर्मशाला में 709, चंबा में 924, बैजनाथ में 590 और जोगिंदरनगर में 216 किलोमीटर मार्ग प्रभावित हुआ। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर कुल 22 बसें रास्ते में फंसी रहीं, जिनमें चंबा में 15, धर्मशाला में 3, जोगिंदरनगर में 2 और पालमपुर तथा नगरोटा बगवां में एक-एक बस शामिल हैं।

डीएम पंकज चड्डा ने यात्रियों से अपील की कि खराब मौसम और सड़क बंद होने के कारण यात्रा से पहले बसों की स्थिति की जानकारी संबंधित बस स्टैंड से अवश्य लें और अनावश्यक यात्रा से बचें। उन्होंने कहा कि मौसम सामान्य होते ही और सड़कों की स्थिति बहाल होने के बाद बस सेवाएं चरणबद्ध तरीके से बहाल की जाएंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया