Enter your Email Address to subscribe to our newsletters



- मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिद्धि बाला बोस लायब्रेरी एसोशिएशन के शताब्दी वर्ष के समापन कार्यक्रम को किया संबोधित
- नेताजी की प्रतिमा का अनावरण और शताब्दी स्तम्भ का किया लोकार्पण
भोपाल, 23 जनवरी (हि.स.) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सिद्धि बाला बोस लाइब्रेरी ने 100 गौरवशाली वर्षों की स्मृतियों को सहेजने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। इस एसोसिएशन ने बंगाली समाज और जबलपुर की कला, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को संरक्षण प्रदान किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को जबलपुर के सिद्धि बाला बोस लायब्रेरी एसोशिएशन के शताब्दी वर्ष के समापन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सिटी बंगाली क्लब में स्वयं नेताजी का आना इस क्षेत्र के लिए गौरवशाली क्षण रहा। सिटी बंगाली क्लब ने बालिका शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। राज्य सरकार, स्कूल एवं उच्च शिक्षा को प्रोत्साहन देने के लिए सदैव क्लब के साथ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक समृद्धि में बंगाली समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बंकिमचंद्र चटर्जी ने वंदे मातरम् की रचना कर देशवासियों को एक सूत्र में पिरोया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से धारा 370 का कलंक मिटा और आज जम्मू-कश्मीर भारत का मोर मुकुट बन रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रकृति में बसंत का मौसम, ऋतुओं का राजा है। उन्होंने शुक्रवार को बसंत पंचमी की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रसन्नता और गर्व का विषय है कि आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती भी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को नमन कर कहा कि नेताजी ने आजाद हिंद फौज के माध्यम से भारत की आजादी में अहम भूमिका निभाई। 'तुम मुझे खून दो मैं तुम्हें आजादी दूंगा' का नारा देकर उन्होंने जनसामान्य को राष्ट्रीय आंदोलन से जोड़ा। इस दौरान केंद्रीय मंत्री नड्डा ने भी बसंती पंचमी की बधाई के साथ कार्यक्रम को संबोधित किया।
नेताजी की प्रतिमा का अनावरण एवं शताब्दी स्तंभ का लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केन्द्रीय मंत्री नड्डा ने सिद्धी बाला बोस लायब्रेरी एसोसिएशन के शताब्दी वर्ष समापन समारोह पर नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने सिटी बंगाली क्लब में शताब्दी स्तंभ का लोकार्पण भी किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल और लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह अन्य अतिथि भी मौजूद रहे।
शताब्दी वर्ष समापन समारोह में जानकारी दी गई कि सिद्धि बाला बोस लाइब्रेरी एसोसिएशन (सिटी बंगाली क्लब) को प्रदेश में बंगाली समाज की सबसे बड़ी और सबसे पुरानी संस्था होने का गौरव प्राप्त है। यह प्रदेश की एकमात्र बांग्ला लाइब्रेरी है। इसकी स्थापना वर्ष 1925 में जबलपुर नगर निगम के पहले अध्यक्ष राय बहादुर प्रभात चंद्र बोस और उनके साथियों ने की थी। राय बहादुर प्रभात चंद्र बोस ने अपनी धर्मपत्नी के सम्मान में लाइब्रेरी की स्थापना की थी। बांग्ला संस्कृति-परंपरा, कला, साहित्य और भाषा के संवर्धन के साथ-साथ यह क्लब कन्या शिक्षा के मार्ग पर भी अग्रसर है। संस्था द्वारा 95 वर्षों से गर्ल्स हायर सेकेण्डरी स्कूल चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम में सांसद आशीष दुबे, विधायक अभिलाष पांडे, विधायक अशोक रोहाणी, महापौर जगत बहादुर सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत