Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रामगढ़, 23 जनवरी (हि.स.)। जिले के पतरातू अनुमंडल क्षेत्र में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ब्राउन शुगर के एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से मादक पदार्थ, नकदी सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।
पतरातू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) गौरव गोस्वामी ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में बताया कि संगठित अपराधियों और नशा तस्करों के सत्यापन को लेकर नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में शैतान चौक के समीप पतरातू बस्ती निवासी विशाल कुमार को संदेह के आधार पर रोका गया। वह पतरातू बस्ती की ओर जाने वाली सड़क पर हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (जेएच-24 एन-7447) से जा रहा था।
पुलिस को देखकर उसकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं, जिसके बाद उसे रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान युवक के पास से 6.9 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। इसके अलावा पुलिस ने आरोपित के पास से 16,400 रुपये नकद, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक लाइटर भी जब्त किया है। बरामद नकदी को नशे के अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ माना जा रहा है। पूछताछ के दौरान आरोपित कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर पतरातू थाना लाया गया।
एसडीपीओ गौरव गोस्वामी ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे अदालत में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
उन्होंने कहा कि पतरातू अनुमंडल क्षेत्र में नशे के कारोबार पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी कीमत पर ऐसे अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।
इस अभियान में पुलिस निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह, बासल थाना प्रभारी कैलाश कुमार, पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेन्द्र कुमार, भदानीनगर ओपी प्रभारी अख्तर अली तथा बरकाकाना ओपी प्रभारी उमाशंकर वर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।----------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश