श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में वसंत पंचमी व सरस्वती पूजा श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न
रांची, 23 जनवरी (हि.स.)। श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर, पुंदाग में वसंत पंचमी एवं सरस्वती पूजा के पावन अवसर पर शुक्रवार को विशेष पूजा-अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुए। इस अवसर पर पूरा मंदिर परिसर
अनुष्ठान में शामिल श्रद्धालुगण


रांची, 23 जनवरी (हि.स.)। श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर, पुंदाग में वसंत पंचमी एवं सरस्वती पूजा के पावन अवसर पर शुक्रवार को विशेष पूजा-अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुए। इस अवसर पर पूरा मंदिर परिसर भक्तिरस से सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल विशेष पूजा-अर्चना से हुई, जिसे मंदिर के पुजारी पंडित अरविंद पांडे ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत संपन्न कराया। पूजा के दौरान भगवान को भोग अर्पित कर समस्त श्रद्धालुओं के सुख, समृद्धि और ज्ञान-विवेक की कामना की गई।

वसंत पंचमी के अवसर पर श्री राधा रानी का विशेष एवं अलौकिक श्रृंगार किया गया। उन्हें पीले वस्त्र धारण कराए गए तथा मंदिर को पीले पुष्पों से आकर्षक रूप से सजाया गया। सुसज्जित आभूषणों से किया गया दिव्य श्रृंगार श्रद्धालुओं को भाव-विभोर करता रहा।

पूजा-अनुष्ठान के पश्चात सैकड़ों श्रद्धालुओं के बीच केसरयुक्त खीर एवं मेवायुक्त पीले पुलाव का विशेष प्रसाद वितरित किया गया।

इस अवसर पर प्रणामी ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने श्रद्धालुओं को वसंत पंचमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व ज्ञान, सद्भाव, सृजनात्मकता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सरस्वती पूजा हमें ज्ञान के मार्ग पर चलने और समाज में सौहार्द बनाए रखने की प्रेरणा देती है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे और पूरे वातावरण में भक्ति, आस्था और उल्लास का भाव देखने को मिला।------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar