जेडीए ने ई जनसुनवाई में 16 दिन में किया 230 प्रकरणों का निस्तारण
जेडीए की अनूठी डिजिटल पहल: एम-पास और ई-जनसुनवाई से आमजन का काम हुआ आसान, आफलाइन पास की सुविधा भी उपलब्ध एम—पास एवं ई—जनसुनवाई से प्रतिदिन 500 नागरिकों से रूबरू होकर अधिकारी कर रहे है प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण
जेडीए


जयपुर, 23 जनवरी (हि.स.)। जयपुर। जेडीए ने ई जनसुनवाई के माध्यम से 16 दिन में 230 प्रकरणों का निस्तारण कर आमजन को राहत दी है। जेडीए द्वारा शुरू की गई दो नवीन सेवाओं एम-पास और ई-जनसुनवाई ने न केवल प्राधिकरण में प्रवेश की प्रक्रिया को सरल बना दिया है, बल्कि नागरिकों की शिकायतों का घर बैठे निवारण का मार्ग भी प्रशस्त किया है।

ई जनसुनवाई की शुरूआत 7 जनवरी से की गई थी। जेडीए ने आगंतुकों की सुविधा के लिए ऑनलाइन विजिटिंग पास (एम पास) की सुविधा प्रारम्भ की है। इस नई व्यवस्था के तहत अब आगंतुक बिना कतार में लगे, अपने घर या कार्यालय से ही पास बनवा सकते हैं। जनता को अनावश्यक परेशानी से बचाने के लिए एम-पास केवल उन्हीं अधिकारियों से मिलने के लिए बनाए जा रहे हैं, जो उस समय अपनी सीट पर उपस्थित होते हैं एवं विजिट वाले दिन उपस्थित है। इस व्यवस्था से अधिकारी की जिम्मेदारी तय हुई है कि जिन जिन नागरिकों का पास बनाया गया है, अधिकारीगण द्वारा उन नागरिकों से प्राप्त प्रकरणों या समस्याओं का निस्तारण अनिवार्य रूप से किया जा रहा है। विगत 12 सप्ताह में कुल 10,900 नागरिकों द्वारा आनलाइन पास बनवाए गए हैं, जिसमें से लगभग 12,800 नागरिकों ने ऑफलाइन काउंटर से पास बनवाए गए है। एम पास एवं ई जनसुनवाई से प्रतिदिन 500 नागरिकों से रूबरू होकर अधिकारी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर रहे है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश