Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

फरीदाबाद, 23 जनवरी (हि.स.)। मोहना गांव में शुक्रवार को एक युवक ने देसी कट्टे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही छायंसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल से देसी कट्टा भी बरामद कर लिया है। मृतक की पहचान 32 वर्षीय कैलाश के रूप में हुई है। कैलाश मूल रूप से मोहना का रहने वाला था और वह अपनी पत्नी व बच्चों के साथ अपने ससुराल उत्तर प्रदेश के नागल गांव जट्टारी में वहीं रह रहा था। परिजनों के अनुसार, कैलाश पिछले करीब आठ महीनों से उत्तर प्रदेश में रहकर राजमिस्त्री का काम कर रहा था। तीन दिन पहले ही वह मोहना गांव अपने पैतृक घर आया था, लेकिन उसने आने का कोई कारण परिजनों को नहीं बताया था। मृतक के पिता अमरचंद ने बताया कि शुक्रवार को कैलाश अपने कमरे में चुपचाप बैठा हुआ था। इसके बाद अचानक पटाखे जैसी तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही परिवार के सदस्य कमरे की ओर दौड़े। जब वे अंदर पहुंचे तो देखा कि कैलाश खाट पर लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ था और उसके सिर से तेज खून बह रहा था। पास ही खाट पर एक देसी कट्टा पड़ा हुआ था। परिजनों ने आनन-फानन में कैलाश के सिर पर कपड़ा बांधकर खून रोकने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही छायंसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल फरीदाबाद भिजवा दिया। साथ ही देसी कट्टे को भी कब्जे में ले लिया गया। मृतक के पिता अमरचंद ने बताया कि कैलाश की पत्नी और बच्चे वर्तमान में उत्तर प्रदेश के नागल जट्टारी गांव के पास उसके ससुराल में रहते हैं। उन्होंने कहा कि कैलाश ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी उन्हें भी नहीं है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इसके साथ ही देसी कट्टा युवक के पास कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है। इस मामले में आम्र्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर