Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बक्सर, 23 जनवरी (हि.स.)। वसंत पंचमी पर महावीरी पूजा समिति के तत्वावधान में चौसा के नरबतपुर में शुक्रवार को परंपरागत विराट दंगल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इस दंगल में बिहार और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए नामी पहलवानों ने अपने दांव-पेंच और कुश्ती कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। हजारों दर्शकों की मौजूदगी में हुए आयोजन में चौसा के पहलवानों का दबदबा साफ नजर आया।
चौसा के पिंटू पहलवान और अरमान ने अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों को अखाड़े में पटखनी देकर खूब तालियां बटोरीं और आकर्षक इनाम जीते। प्रतियोगिता की सबसे चर्चित 10 हजार रुपये की इनामी कुश्ती चौसा के पिंटू पहलवान और गोरखपुर के संजय पहलवान के बीच हुई, जिसमें पिंटू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।
दंगल में आजमगढ़, मऊ, बनारस, चंदौली, पटना, दानापुर, कैमूर और गाजीपुर सहित कई जिलों से पहलवान पहुंचे थे। रेफरी की भूमिका सेना के श्री भगवान पहलवान ने निभाई। आयोजन को सफल बनाने में महावीरी पूजा समिति के दीनबंधु सिंह, संजय साधु और सतीश यादव सहित अन्य सदस्यों का अहम योगदान रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा