सीएम युवा योजना में जौनपुर अव्वल, मुख्यमंत्री योगी करेंगे सम्मानित
-जौनपुर में सर्वाधिक 3,315 युवाओं को दिया गया सीएम युवा योजना का लाभ लखनऊ, 23 जनवरी (हि.स.)। सीएम युवा योजना का लाभ शत-प्रतिशत देने में पिछले कई माह से पूरे उत्तर प्रदेश में जौनपुर प्रथम स्थान पर है, जबकि 22 जनवरी तक दूसरे स्थान पर आजमगढ़ और तीसरे
योगी आदित्यनाथ


-जौनपुर में सर्वाधिक 3,315 युवाओं को दिया गया सीएम युवा योजना का लाभ

लखनऊ, 23 जनवरी (हि.स.)। सीएम युवा योजना का लाभ शत-प्रतिशत देने में पिछले कई माह से पूरे उत्तर प्रदेश में जौनपुर प्रथम स्थान पर है, जबकि 22 जनवरी तक दूसरे स्थान पर आजमगढ़ और तीसरे स्थान पर हरदोई रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यूपी दिवस के अवसर पर सीएम युवा योजना का सबसे अधिक लाभ देने वाले जौनपुर को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करेंगे।

सरकार की ओर से जारी प्रेसविज्ञप्ति के अनुसार वर्तमान वित्तीय वर्ष में अब तक प्रदेश भर में करीब साढ़े तीन लाख आवेदन आ चुके हैं, जबकि योगी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में डेढ़ लाख लोन वितरण का लक्ष्य रखा है। इस योजना के तहत वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक पूरे प्रदेश से तीन 34 हजार 337 युवा ऋण के लिए आवेदन कर चुके हैं, जबकि दो लाख 81 हजार 277 आवेदनों को बैंकों को फॉरवर्ड कर दिया गया है। इनमें से एक लाख छह हजार 772 आवेदनों को बैंक ने ऋण देने की स्वीकृति दे दी है। जबकि एक लाख तीन हजार 353 युवाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण वितरित किया जा चुका है।मुख्यमंत्री युवा योजना का शत प्रतिशत लाभ देने में पूरे प्रदेश में जौनपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सिंह ने बताया कि सीएम योगी की मंशा के अनुरूप जिले में विशेष अभियान चलाकर युवाओं को स्वरोजगार के लिए बैंकों से संपर्क कर लोन उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्तमान वित्तीय वर्ष में जिले को अभियान के तहत दो हजार 500 युवाओं को ऋण उपलब्ध कराने का लक्ष्य दिया गया है। इसके सापेक्ष अब तक आठ हजार 240 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें सात हजार 033 आवेदनों को बैंकों को भेजा गया। इनमें से तीन हजार 315 आवेदकों को ऋण वितरित किया जा चुका है।

आजमगढ़ जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि योजना का लाभ देने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। योजना का लाभ देने में अप्रैल 2025 से पहले जिला 25वें स्थान पर था। अप्रैल के बाद योजना का लाभ हर जरूरतमंद युवा को देने के लिए लगातार ब्लॉक स्तर पर वर्कशाप आयोजित की जा रही है। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में बैंकर्स व आवेदकों की आमने-सामने काउंसिलिंग करायी जा रही है। यही वजह है कि पिछले कई माह से आजमगढ़ योजना का लाभ देने में पूरे प्रदेश में लगातार दूसरे स्थान पर बना हुआ है।

हरदोई जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया कि विशेष अभियान चला कर मुख्यमंत्री युवा योजना का लाभ दिया जा रहा है। यही वजह है कि पूरे प्रदेश में योजना का लाभ देने में हरदोई ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है। हरदोई को वर्तमान वित्तीय वर्ष में दो हजार 800 ऋण वितरण का लक्ष्य मिला था, जिसके सापेक्ष 10 हजार 930 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से आठ हजार 449 आवेदनों को बैंक को भेजा गया, जिसमें से दाे हजार 628 आवेदकों को लोन वितरित किया जा चुका है।

इसके अलावा अंबेडकरनगर ने चौथा और झांसी ने प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त किया है। योजना का लाभ देने में कौशांबी, बहराइच, रायबरेली और महराजगंज का भी प्रदर्शन शानदार रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन